देश

दुनिया देखेगी भारत की ताकत, 'न्यू इंडिया' की आत्मनिर्भरता का जयघोष करेंगे स्वदेशी हथियार, बेंगलुरु में आज से एयरो इंडिया शो

Aero India 2025 : बेंगलुरु में आज से एयरो इंडिया शो 2025 का आगाज हो रहा है। यलहंका स्थित वायु सेना स्टेशन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस शो का उद्घाटन करेंगे। दो साल पर होने वाले इस शो में भारत अपनी स्वेदशी हवाई सैन्य ताकत का प्रदर्शन करने जा रहा है।

Image

एयरो इंडिया शो 2025

Aero India 2025 : बेंगलुरु में आज से एयरो इंडिया शो 2025 का आगाज हो रहा है। यलहंका स्थित वायु सेना स्टेशन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस शो का उद्घाटन करेंगे। दो साल पर होने वाले इस शो में भारत अपनी स्वेदशी हवाई सैन्य ताकत का प्रदर्शन करने जा रहा है। खास बात यह है कि विदेश की 150 विदेशी कंपनियां सहित करीब 900 सैन्य हथियार प्रदर्शक इस शो में हिस्सा ले रहे हैं। यह एशिया का सबसे बड़ा 'एयरो इंडिया' होगा। रक्षा मंत्रालय का कहना है कि यह आयोजन भारत के रक्षा उद्योग एवं एयरोस्पेश में दुनिया के भरोसे को दर्शाता है। उसने कहा, 'एयरो इंडिया अपनी ताकत, न्यू इंडिया की आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करने का एक मंच है।'

SU-57, F-35 भी ले रहे हिस्सा

इसमें कहा गया, 'इतिहास में पहली बार, एयरो इंडिया 2025 में दुनिया के दो सबसे उन्नत पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान - रूसी सुखोई एसयू-57 और अमेरिकी एफ-35 लाइटनिंग 2 - भाग लेंगे।' मंत्रालय ने कहा कि यह 'वैश्विक रक्षा सहयोग और तकनीकी उन्नति में एक मील का पत्थर' है, जो विमानन के शौकीनों और रक्षा विशेषज्ञों को इन अत्याधुनिक युद्धक विमानों को देखने का एक अद्वितीय अवसर प्रदान करता है। इस संस्करण का व्यापक विषय है - ‘एक अरब अवसरों का मार्ग’।

अभ्यास में अपनी ताकत दिखाएंये 5वीं पीढ़ी के विमान

सुखोई एसयू-57 विमान का वर्णन करते हुए इसमें कहा गया है कि, 'रूस का प्रमुख स्टेल्थ बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान' उत्कृष्ट हवाई श्रेष्ठता और हमला क्षमताओं के लिए डिजाइन किया गया है। बयान में कहा गया, 'उन्नत एवियोनिक्स, सुपरक्रूज क्षमता और स्टेल्थ तकनीक से लैस, यह विमान एयरो इंडिया 2025 में पहली बार प्रदर्शित हो रहा है। आगंतुक उच्च गति वाले हवाई युद्धाभ्यास और सामरिक प्रदर्शनों की उम्मीद कर सकते हैं, जो लड़ाकू विमान की चपलता, स्टेल्थ और मारक क्षमता को उजागर करते हैं।'

एफ-35 लाइटनिंग 2 लड़ाकू विमान के बारे में मंत्रालय ने कहा कि लॉकहीड मार्टिन का 'सबसे व्यापक रूप से तैनात पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान, उन्नत स्टेल्थ, अद्वितीय स्थितिजन्य जागरूकता और नेटवर्क लड़ाकू क्षमताओं को एकीकृत करता है'।

‘भविष्य’ का साक्षी बनने को उत्सुक हूं-राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘द्विवार्षिक एयरो-इंडिया के 15वें संस्करण में भाग लेने के लिए नई दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना हो रहा हूं। यह आयोजन अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकियों और वैश्विक विमानन उत्कृष्टता का प्रदर्शन करेगा। एयरोस्पेस क्षेत्र के ‘भविष्य’ का साक्षी बनने को उत्सुक हूं।’ रक्षा उत्पादन विभाग ने भी अपने ‘एक्स’ हैंडल पर 10-14 फरवरी तक होने वाले शो के बारे में जानकारी साझा की। विभाग ने रविवार को कहा कि रक्षा मंत्री 10 फरवरी को एयरो इंडिया 2025 में ‘इंडिया पैवेलियन’ का उद्घाटन करेंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article