Seema Haider: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत से पाकिस्तानी नागरिकों का वापस लौटने का सिलसिला जारी है। पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या उन्हें भी वापस जाना पड़ेगा। सीमा हैदर पहले ही गुहार लगा चुकी हैं कि उन्हें पाकिस्तान में जान का खतरा है और वह भारत में शादी से पहले ही सनातन धर्म अपना चुकी हैं। इस मामले पर उनके वकील एपी सिंह ने क्या कहा जानिए।
सीमा हैदर ने अपनाया सनातन धर्म
एपी सिंह ने कहा, जब सीमा हैदर पाकिस्तान में थी, तब उसका तलाक हो गया था। अपने पिता की मौत के बाद उसकी दोस्ती सचिन से हुई...नेपाल में उन्होंने सनातन धर्म के अनुसार विवाह किया...भारत आने के बाद उसने कानूनी रूप से सनातन धर्म अपनाया और फिर सभी रीति-रिवाजों के साथ शादी की। उनकी बेटी का नाम मीरा है। उसके दस्तावेज एटीएस के पास हैं। सीमा कभी भी अपने ससुराल और अस्पताल के अलावा कहीं नहीं गई...उसे पहलगाम की घटना से जोड़ना गलत है।
सरकार के बड़े फैसले
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने कई बड़े फैसले लिए हैं जिनमें अटारी में बॉर्डर बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को निलंबित करना, उन्हें अपने देश लौटने का फरमान और दोनों पक्षों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या कम करना शामिल है। भारत ने पहलगाम हमले के मद्देनजर 1960 में हस्ताक्षरित सिंधु जल संधि को भी स्थगित कर दिया है। इसे लेकर पाकिस्तान ने युद्ध की धमकी भी दी है। वहीं, वीजा छूट खत्म होने के साथ ही वाघा बॉर्डर से बड़ी संख्या में पाकिस्तानी नागरिकों का लौटने का सिलसिला जारी है। खासकर महिलाओं की संख्या अधिक है जिनकी शादी पाकिस्तान में हुई है।
