Paradip Port: पाकिस्तानी क्रू मेंबर के 21 सदस्यों के साथ एक जहाज के बंदरगाह शहर पारादीप में पहुंचने के बाद ओडिशा पुलिस ने बुधवार को सुरक्षा बढ़ा दी। अधिकारियों ने बताया कि क्रू मेंबर के कुल 25 सदस्यों के साथ ‘एमटी साइरन-2’ जहाज ‘इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ के लिए कच्चा तेल लेकर दक्षिण कोरिया से सिंगापुर होते हुए बुधवार को सुबह पारादीप बंदरगाह पहुंचा।
पारादीप बंदरगाह में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था (फाइल फोटो साभार: @odisha_police)
सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
हिंदी समाचार एजेंसी भाषा को अधिकारियों ने बताया कि क्रू मेंबर के बाकी सदस्यों में भारतीय और थाई नागरिक शामिल हैं। मरीन थाने की प्रभारी निरीक्षक बबीता देहुरी ने बताया कि आव्रजन विभाग से चालक दल के सदस्यों के बारे में सूचना मिलने के बाद ओडिशा मरीन पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
कहां खड़ा है जहाज
भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के मद्देनजर पारादीप बंदरगाह को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि जहाज यहां तट से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित सिंगल प्वाइंट मूरिंग (SPM) पर खड़ा है, जिस पर 11,350 मीट्रिक टन कच्चा तेल है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह भी आदेश जारी किया गया है कि कच्चे तेल की निकासी के दौरान चालक दल के किसी भी सदस्य को जहाज से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
(इनपुट: भाषा)
