देश

Nagpur violence: नागपुर हिंसा के बाद अमरावती में सुरक्षा के इंतजाम चौकस, पुलिस बोली- 'सोशल मीडिया से रहें सतर्क'

पुलिस आयुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी पोस्ट करता है, जो किसी व्यक्ति, समाज, धर्म या पंथ की भावनाओं को ठेस पहुंचाती है और समाज में तनाव पैदा करती है, तो उसे अपराध करने के लिए उकसाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

नागपुर में बीते सोमवार को दो पक्षों के बीच हुई उपद्रव की घटना के बाद अमरावती जिले के पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने शहर के नागरिकों से सोशल मीडिया से सतर्क रहने की अपील की है।उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर घटना से जुड़ी जानकारी की पुष्टि किए बिना किसी भी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले या दो धर्मों के बीच विवाद फैलाने वाले आपत्तिजनक संदेश, चित्र या वीडियो पोस्ट न किए जाएं।

उन्होंने यह भी बताया कि अमरावती शहर में पूरी तरह से पुलिस बल तैनात है और सभी संवेदनशील क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

इसके अलावा, शहर में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की स्थापना की गई है, जो सभी प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की कड़ी निगरानी कर रही है। पुलिस आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि नागपुर शहर की घटना से संबंधित झूठी अफवाहें फैलाने वाले और दो समुदायों के बीच विवाद उत्पन्न करने वाले वायरल पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार के कृत्यों को महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत दंडित किया जाएगा।

पुलिस आयुक्त ने सभी व्हाट्सएप एडमिन से अपील की कि वे अमरावती शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए पुलिस बल का सहयोग करें और किसी भी असामाजिक गतिविधि में लिप्त न हों।

पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी ने आगे कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के बाद शहर में सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था अभी भी बनी हुई है, संवेदनशील स्थानों पर गश्त जारी है। वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी कड़ी निगरानी रख रहे हैं और अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त कर रहे हैं। नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। नागपुर की घटना के संबंध में अगर किसी को सोशल मीडिया पोस्ट के बारे में चिंता है, तो उन्हें कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय साइबर पुलिस या नजदीकी पुलिस स्टेशन में इसकी सूचना देनी चाहिए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article