देश

विपक्ष की तीसरी बैठक में निकलेगा सीट शेयरिंग का फॉर्मूला? मुंबई में कल से शुरू होगी 'INDIA' की बैठक

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2023, 08:05 AM IST

Oppostion Meeting : रिपोर्टों में कहा गया है कि विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा गया है कि बैठक में राज्यवार सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा हो सकती है। 31 अगस्त को गठबंधन के लोगो का अनावरण किया जाएगा। यह लोगो देश की एकता और उन चीजों का प्रतिनिधित्व करेगा, जो देश को एकजुट करती हैं।

Image

गुरुवार से मुंबई में विपक्ष की बैठक।

Photo : PTI

Oppostion Meeting : लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में आने से रोकने के लिए विपक्ष की ओर से बनाए गए 'INDIA' गठबंधन की बैठक कल यानी गुरुवार से मुंबई में होने जा रही है। विपक्ष की यह तीसरी बैठक है। इससे पहली बैठक पटना में और दूसरी बैठक बेंगलुरु में हो चुकी है। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इस तीसरी बैठक में सीट शेयरिंग के फॉर्मूले और गठबंधन के लिए संयोजक समिति का ऐलान हो सकता है। चर्चा इस बात की भई है कि विपक्ष के इस गठबंधन में कुछ नए दल भी शामिल हो सकते हैं।

सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा

रिपोर्टों में कहा गया है कि विपक्ष के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से कहा गया है कि बैठक में राज्यवार सीट-बंटवारे के फॉर्मूले पर चर्चा हो सकती है। 31 अगस्त को गठबंधन के लोगो का अनावरण किया जाएगा। यह लोगो देश की एकता और उन चीजों का प्रतिनिधित्व करेगा, जो देश को एकजुट करती हैं। इसके अलावा यह भी उम्मीद है कि कुछ और राजनीतिक दल भी गठबंधन में शामिल हो सकते हैं।

बैठक में नई पार्टियां शामिल हो सकती हैं

कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने गठबंधन में कुछ और पार्टियों के जुड़ने की बात कही है। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने 'इंडिया' गठबंधन में पार्टियों के विस्तार की संभावना जताई है। गत रविवार को नीतीश कुमार ने गठबंधन में नई पार्टियों के शामिल होने के संकेत दिए। उन्होंने कहा, 'मैं जा (बैठक में ) रहा हूं। इसमें कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है, जो मैं चाहता हूं, मैं बस सभी को एकजुट करना चाहता हूं। मैं जा रहा हूं और कुछ और भी पार्टियां शामिल होंगी।'

शरद पवार ने तैयारियों का जायजा लिया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की यहां होने जा रही बैठक के आयोजन स्थल का मंगलवार को दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। भाजपा विरोधी गठबंधन के प्रमुख नेता 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई के उपनगर में एक होटल में जुटेंगे। पहली बार जून में पटना में एक साझा मंच पर साथ आने के बाद से यह उनकी तीसरी बैठक होगी। गठबंधन में दो दर्जन से अधिक दल शामिल हैं। राकांपा के एक पदाधिकारी ने कहा कि पवार ग्रैन्ड हयात होटल में एक घंटे से अधिक समय तक थे और दो-दिवसीय बैठक की तैयारियों का जायजा लिया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article