देश

महाराष्ट्र में BJP की टेंशन बढ़ाएंगे सत्यपाल मलिक, एमवीए के लिए करेंगे प्रचार

Satyapal Malik: जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कहा, मैंने एमवीए को पूर्ण समर्थन दिया है। मैं उसके लिए प्रचार भी करूंगा। उन्होंने कहा, महाराष्ट्र चुनाव के नतीजे भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम करेंगे।

Image

सत्यपाल मलिक।

Photo : BCCL

Satyapal Malik: जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की टेंशन बढ़ा सकते हैं। रविवार को सत्यपाल मलिक ने कहा है कि वह महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो जाएगा।

जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने में अहम भूमिका निभाने वाले मलिक मुंबई में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के आवास पर उनसे मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बता दें, महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए नवंबर में चुनाव प्रस्तावित है।

उद्धव ठाकरे निभाएंगे सबसे महत्वपूर्ण भूमिका

महाराष्ट्र में आगामी चुनाव के बारे में पूछने पर सत्यपाल मलिक ने कहा, भाजपा को न केवल बड़ा झटका लगेगा, बल्कि राज्य चुनाव में पार्टी का सफाया हो जाएगा। उद्धव ठाकरे इस चुनाव में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। मलिक ने कहा, मैंने एमवीए को पूर्ण समर्थन दिया है। मैं उसके लिए प्रचार भी करूंगा। उन्होंने शनिवार को कहा कि महाराष्ट्र का विधानसभा चुनाव देश के राजनीतिक परिदृश्य पर महत्वूपर्ण असर डालेगा। उन्होंने कहा कि राज्य चुनाव के नतीजे भाजपा के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम करेंगे। बता दें, राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना, भाजपा और अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल है। जबकि, विपक्षी एमवीए में शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार नीत राकांपा (शरदचंद्र पवार) शामिल हैं।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article