Nepal inmates: सहस्त्र सीमा बल ने भारत-नेपाल बॉर्डर पर नेपाली जेल से भागे 35 कैदियों को पकड़ा है। इनमें से 22 कैदी उत्तर प्रदेश की सीमा, 10 बिहार की सीमा और तीन कैदी बंगाल की सीमा पर पकड़े गए। अधिकारियों का कहना है कि कैदियों की यह संख्या लगातार बढ़ रही है। नेपाल की जेलों से भागे ये कैदी अवैध रूप से भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर रहे हैं।
कैदियों ने मुख्य द्वार खोलने की कोशिश की
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक नेपाल की सेना ने गुरुवार सुबह रमेशाप जिला कारागार से बड़े पैमाने पर फरार होने की कोशिश को रोकने के लिए गोलियां चलाईं, जिसमें लगभग 12 से 13 कैदी घायल हो गए। रमेशाप के मुख्य जिला अधिकारी श्याम कृष्ण थापा ने बताया कि कैदियों ने कई आंतरिक ताले तोड़ दिए और मुख्य द्वार को जबरन खोलने की कोशिश की, तभी सुरक्षा बलों ने गोलीबारी कर हस्तक्षेप किया।
12 से 13 कैदी घायल हो गए
उन्होंने कहा, 'जैसे ही कैदी मुख्य द्वार तक पहुंचे, सेना ने गोलियां चलाईं, जिसमें लगभग 12 से 13 कैदी घायल हो गए।' रमेशाप नगरपालिका के वार्ड 8 में स्थित इस जेल में 300 से अधिक कैदी बंद हैं। पुलिस ने पुष्टि की कि सभी कैदियों को काबू में कर लिया गया है और अब स्थिति नियंत्रण में है।
सड़कों पर नेपाली सेना का पहरा
नेपाल सेना ने बृहस्पतिवार को काठमांडू घाटी के तीन जिलों में निषेधाज्ञा बढ़ा दी है तथा कुछ निश्चित समयावधि के लिए लोगों की आवाजाही की अनुमति दे दी है। इससे हिंसक प्रदर्शनों के बाद इस हिमालयी राष्ट्र में धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो रही है। इन हिंसक प्रदर्शनों के कारण के पी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। सेना सड़कों पर पहरा दे रही है, लेकिन देश के बाकी हिस्सों में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। केवल काठमांडू के दक्षिण-पूर्व में एक जेल से भागने के दौरान नेपाली सेना की गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
