Sandeshkhali Case: संदेशखाली घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तृणमूल कांग्रेस पर हमलावर हैं। बुधवार को संदेशखाली जाने से रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई और इस झड़प में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार घायल हो गए। पुलिस के साथ झड़प के दौरान मजूमदार का संतुलन का बिगड़ गया और वह कार की बोनेट पर गिर गए। वह घटना तब हुई जब वह नॉर्थ 24 परगना में कार पर सवार होकर मीडिया से बात कर रहे थे। मजूमदार लोकसभा के सांसद भी हैं। संदेशखाली की महिलाओं ने शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर रेप का आरोप लगाया है। इसके बाद से ममता सरकार भाजपा सहित विपक्ष के निशाने पर आ गई है। इलाज के लिए मजूमदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
19 फरवरी तक लागू रहेगी निषेधाज्ञा
संदेशखाली की घटना के बाद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह निषेधाज्ञा 19 फरवरी तक लागू रहेगी। इस घटना पर राजनीति भी खूब हो रही है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने ममता सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 'बंगाल ऐसे राज्य में बदल गया है जहां सरकार रेपिस्टों द्वारा चलाई जा रही है।'पुलिस ने मेरे लॉज की घेराबंदी की
मजूमदार ने आरोप लगाया कि राज्य पुलिस ने उन्हें उत्तर 24 परगना जिले के अशांत संदेशखाली जाने से रोकने के लिए उनके लॉज की घेराबंदी कर दी है। मजूमदार ने कहा कि उन्हें प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए दोपहर के बाद संदेशखाली जाना था। उन्होंने बताया, ‘कल के प्रदर्शन के बाद मैंने टाकि में एक लॉज में रहने का फैसला किया ताकि यथाशीघ्र संदेशखालि जा सकूं। लेकिन सुबह से ही पुलिस ने मेरे लॉज के प्रवेश द्वार को बाधित कर दिया है और किसी को बाहर जाने नहीं दे रही है।’
