West Asia Conflict: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को एक बार फिर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बात की। इस दौरान, उन्होंने अराघची को नवरोज और ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद फिर पश्चिम एशिया में जारी तनाव को लेकर विस्तृत चर्चा की। पिछले कुछ वक्त से लगातार दोनों नेताओं के बीच बातचीत चल रही है। पश्चिम एशिया संकट को लेकर अबतक दोनों के बीच पांच बार बातचीत हो चुकी है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर (फाइल फोटो)
विदेश मंत्री जयशंकर ने 'एक्स' पर पोस्ट कर ईरान के विदेश मंत्री के साथ बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''आज शाम ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बात हुई। उन्हें नवरोज और ईद की मुबारकबाद दी।''
PM मोदी ने ईरानी राष्ट्रपति से की बात
इससे पहले, पीएम मोदी ने शनिवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बातचीत की और पश्चिम एशिया में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की। उन्होंने नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराया कि जहाजरानी मार्ग खुले और सुरक्षित रहें।
ईरान के राष्ट्रपति के साथ बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें ईद और नवरोज की शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि त्योहार का यह मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लाए।
प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से बात की और ईद एवं नवरोज की शुभकामनाएं दीं। हमने आशा व्यक्त की कि त्योहार का मौसम पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लाए।'' मोदी ने क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की, जो क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा हैं और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को बाधित करते हैं। उन्होंने कहा, ''नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने और यह सुनिश्चित करने के महत्व को दोहराया कि जहाजरानी मार्ग खुले और सुरक्षित रहें।''
PM मोदी ने दूसरी बार फोन पर की बात
प्रधानमंत्री ने ईरान में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए ईरान के निरंतर समर्थन की भी सराहना की। मौजूदा संघर्ष शुरू होने के बाद से प्रधानमंत्री मोदी और ईरान के राष्ट्रपति के बीच टेलीफोन पर यह दूसरी बातचीत थी। ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने 12 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी को ईरान की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी और क्षेत्र में हाल के घटनाक्रम पर अपना दृष्टिकोण साझा किया।
