देश

'यह करोड़ों राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़, जांच से निकलेगा सच'; राम मंदिर दान चोरी मामले पर RSS की सालाना बैठक में मंथन

Image

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

अयोध्या रामजन्मभूमि मंदिर में दान चोरी मामले को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी तीन दिवसीय 'अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक' में चिंता जाहिर की है। इसे लेकर संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि इस घटना ने करोड़ों रामभक्तों की आस्था को दुख पहुंचाया है। साथ ही उन्होंने कार्रवाई को लेकर भी भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी और पुलिस की कार्रवाई किसी ठोस और निर्णायक नतीजे तक पहुंचेगी।

संघ की बैठक में राम मंदिर में दान की गिनती में हुई गड़बड़ी के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा

कर्नाटक के बेलगावी में आयोजित RSS की सालाना 'अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक' के समापन के बाद संघ के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने इस बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में राम मंदिर में दान की गिनती में हुई गड़बड़ी के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जांच एजेंसियां पूरे मामले का सच सामने लाएंगी। संघ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से भी अपेक्षा जताई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि करोड़ों राम भक्तों की आस्था और विश्वास को किसी प्रकार की ठेस न पहुंचे।

सुनील आंबेकर ने बताया कि 'तीर्थ क्षेत्र न्यास' के अनुरोध पर इस मामले में विशेष जांच दल (SIT) और पुलिस की कार्रवाई जारी है। संघ ने जांच प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

राम भक्तों में है नाराजगी

संघ की ओर से यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब राम मंदिर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना हुआ है। राम मंदिर चंदा चोरी की घटना से लोगों में चिंता और नाराजगी देखी जा रही है। दरअसल, अयोध्या में राम मंदिर में हाल ही में दान पेटियों की गिनती और उससे जुड़ी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा दान राशि के गबन के आरोप सामने आए थे। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आठ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आगे की पूछताछ और सबूत जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है।

आरएसएस की सालाना बैठक में क्या हुआ?

इस दौरान सुनील आबेकर ने तीन दिवसीय बैठक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में मार्च 2026 के बाद संघ के अलग-अलग स्तरों पर हुए ट्रेनिंग कैंपों की समीक्षा की गई। इस साल देश भर में कुल 83 'संघ शिक्षा वर्ग' और 12 'कार्यकर्ता विकास वर्ग' पूरे हुए, जिनमें कुल 18,842 स्वयंसेवकों को ट्रेनिंग दी गई। इस ट्रेनिंग में रोज़ाना लगने वाली शाखा, संघ की कार्यपद्धति, ग्राम विकास, कुटुंब प्रबोधन, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण जैसे विषय शामिल थे।

इसके अलावा, शाखा स्तर पर एक्शन प्लान को लागू करने के बारे में विस्तार से चर्चा हुई और सितंबर महीने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा शाखा विस्तार योजना पर भी बात हुई। इसके साथ ही, संघ के शताब्दी वर्ष के पूरे हो चुके कार्यक्रमों की समीक्षा और बाकी तय कार्यक्रमों की योजना पर भी विचार किया गया। संघ के शताब्दी वर्ष के अलग-अलग कार्यक्रमों के ज़रिए संपर्क में आए लोगों को सामाजिक कार्यों और 'पंच परिवर्तन' पहलों में सक्रिय रूप से शामिल करने की योजनाओं पर चर्चा हुई।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article