देश

'3 लाख रुपये की सुपारी, 50 हजार एडवांस', बिश्नोई गैंग ने रचा था सारा खेल; Rohit Shetty के घर पर हुई फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच के मुताबिक, इस हमले के लिए बिश्नोई गैंग ने कुल 3 लाख रुपये की सुपारी दी थी। शूटरों को 50 हजार रुपये एडवांस कैश में दिए गए थे, जबकि बाकी रकम अब तक नहीं मिली है।

Image

रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) के घर पर हुई फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने के लिए बिश्नोई गैंग ने कुल 3 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

शूटरों को 50 हजार एडवांस

क्राइम ब्रांच सूत्रों के अनुसार, फायरिंग के लिए दीपक शर्मा, सोनू कुमार, सनी कुमार और एक अज्ञात आरोपी को सुपारी दी गई थी। यह सुपारी गैंग की ओर से शुभम लोनकर ने दी थी। बताया जा रहा है कि कुल रकम में से 50 हजार रुपये एडवांस के तौर पर कैश में दिए गए थे, ताकि आरोपी खर्च उठा सकें। हालांकि वारदात के बाद फरार रहने के दौरान उन्हें बाकी रकम अब तक नहीं मिली है।

आगरा से मुंबई तक पैसों का ट्रेल

जांच में सामने आया है कि यह 50 हजार रुपये विष्णु कुशवाहा के जरिए शुभम लोनकर ने भिजवाए थे। आगरा से मुंबई आने से पहले कुशवाहा ने यह रकम शूटर दीपक को सौंपी थी। अब क्राइम ब्रांच यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर शुभम लोनकर ने आगरा में यह रकम कहां से और किस स्रोत से जुटाई।

पुणे मॉड्यूल की भी जांच

इस मामले में कथित “पुणे मॉड्यूल” से जुड़े पांच आरोपियों को भी 51 हजार रुपये कैश दिए जाने की जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार, पुणे से गिरफ्तार आरोपी वर्ष 2023-24 के दौरान शुभम लोनकर के भाई प्रवीण लोनकर के संपर्क में थे।

जांच तेज, फंडिंग नेटवर्क पर फोकस

क्राइम ब्रांच अब सुपारी की पूरी फंडिंग चेन और गैंग के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पैसों के स्रोत और मॉड्यूल के अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर चुकी है।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें