देश

NEET Paper Leak पर तेजस्वी यादव का बड़ा दावा, कहा- आरोपी संजीव मुखिया की जांच कराए सरकार, नहीं तो हम तस्वीर कर देंगे जारी

NEET Paper Leak: राजद नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने यहां कहा कि प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच एजेंसियां निष्पक्षता से जांच करें, नहीं तो जो नाम अब तक सामने आए हैं, उनके किसके-किसके साथ संबंध हैं, उसका राजद खुलासा करेगी।

Image

एक पार्टी मीटिंग के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव

Photo : Twitter

NEET Paper Leak: नीट पेपर 2024 लीक मामले में अब राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। पहले बीजेपी के नेता तेजस्वी यादव को घेर रहे थे, लेकिन अब तेजस्वी यादव ने उनपर पर पलटवार करते हुए बड़ा बयान दे दिया है।

'नीट पेपर लीक का मुख्य साजिशकर्ता है संजीव मुखिया'

तेजस्वी यादव ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए आरोप लगाया है कि नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ है और मुख्य साजिशकर्ता संजीव मुखिया का राज्य के बड़े नेताओं से संबंध है। उन्होंने चेतावनी दी कि निष्पक्षता से जांच हो, अन्यथा राजद खुद खुलासा करेगी और उन नेताओं के साथ मुखिया की तस्वीरें जारी करेगी। उन्होंने कहा कि राजद छात्रों और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों को नहीं छोड़ेगी।

मोदी सरकार को तेजस्वी ने घेरा

उन्होंने कहा कि सरकार चाहे जितना भी ध्यान भटकाने की कोशिश करे, लेकिन सच्चाई सामने आकर रहेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले तो वे पेपर लीक होने की बात मानने को ही तैयार नहीं थे और अब कानून बनाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र की एनडीए सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पेपर लीक हो रहे हैं, ट्रेन दुर्घटनाएं हो रही हैं और पुल गिर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। घूम-फिरकर तेजस्वी और लालू यादव को ये लोग गाली देते हैं। ऐसा लगता है कि वे तो दूध के धूले हैं और जो हो रहा है, हम लोग ही कर रहे हैं।

चुप नहीं बैठेंगे तेजस्वी यादव

तेजस्वी यादव ने आगे का कार्यक्रम बताते हुए कहा कि 15 अगस्त के बाद वो बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने हमको जनता के बीच जाने का आदेश दिया है हमको वनवास नहीं दिया है.. हम जनता के बीच जाएंगे और आवाज उठाएंगे। उन्होंने पटना उच्च न्यायालय के आरक्षण की सीमा में वृद्धि रद्द करने के फैसले पर कहा कि अब जो बिहार में बहाली होने वाली है उसमें इन लोगों को आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article