Voter Adhikar Yatra : बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने एनडीए पर निशाना साधते हुए बुधवार को दरभंगा में कहा कि 'एनडीए का फुल फॉर्म 'नहीं देंगे अधिकार' है। वोट अधिकार यात्रा के दौरान हमें लोगों का समर्थन मिल रहा है। जनता अब जाग जुकी है और अपने वोटों की सुरक्षा करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए की हार होगी।' बिहार के सासाराम से शुरू हुई महागठबंधन की 'वोट अधिकार यात्रा' का समापन एक सितंबर को होना है। इस यात्रा की अगुवाई कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कर रहे हैं।
दिल्ली से बिहार की सरकार चल रही-तेजस्वी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे यादव ने यह दावा भी किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बिहार संभल नहीं रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से बिहार की सरकार चला रहे हैं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मधुबनी में एक सभा में कहा, ‘भाजपा वाले वोट चोर तो हैं ही, ये आरक्षण चोर भी हैं।’
‘हमारे चाचा जी ‘हाईजैक’ हो गए'
उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हमारे चाचा जी पलट गए, ‘हाईजैक’ हो गए। उनसे बिहार संभलने वाला नहीं है। दिल्ली से मोदी जी, अमित शाह जी बिहार चला रहे हैं। हमें उनकी (नीतीश) फिक्र होती है, लेकिन वह अब बिहार चलाने योग्य नहीं रह गए हैं।’ यादव का यह भी कहना था कि बिहार में भाजपा और आरएसएस सरकार चला रहे हैं।
लालू जी और राहुल जी को देखकर वोट दीजिए-तेजस्वी
उन्होंने लोगों का आह्वान किया, ‘आप लोगों को तय करना है। नेहरू जी, बीपी मंडल, कर्पूरी जी, आंबेडकर जी की धारा एक तरफ है। दूसरी तरफ, गोलवलकर और गोडसे की धारा है। आप लोगों को तय करना है कि कैसी सरकार चाहिए।’ यादव ने दावा किया, ‘हम कहते रह गए कि 65 प्रतिशत आरक्षण को नौवीं अनुसूची में डालिए ताकि तमिलनाडु की तरह यह आरक्षण भी सुरक्षित रह सके। लेकिन यह नहीं कहा गया है।’ यादव ने कहा, ‘गुजरात के दो लोग तय करेगे कि बिहार में कौन वोटर होगा...यह नहीं चलने वाला है। एक बिहारी, सब पर भारी है।’उन्होंने कहा, ‘आप लोगों को उम्मीदवार नहीं देखना है, संविधान देखना है। लालू जी और राहुल जी को देखकर वोट दीजिए।’
