देश

कांग्रेस में शामिल हुए रिपुन बोरा, कुछ दिन पहले असम TMC अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा

Ripun Bora joined Congress: रिपुन बोरा ने अप्रैल 2022 में कांग्रेस छोड़ी थी। इसके बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए थे। हालांकि, बीते 1 सिंतबर को उन्होंने असम टीएमसी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था।

Image

कांग्रेस में शामिल हुए रिपुन बोरा।

Photo : Twitter

Ripun Bora joined Congress: कांग्रेस की असम इकाई के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा तृणमूल कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से हाल में इस्तीफा देने के बाद रविवार को वापस कांग्रेस में लौट आए। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के असम के प्रभारी महासचिव जितेंद्र सिंह ने चराईदेव में विस्तारित कार्यकारी समिति की बैठक की शुरुआत में बोरा का पार्टी में लौटने पर स्वागत किया।

बोरा ने कहा, असम के लोग भाजपा सरकार के कुशासन से तंग आ गए हैं। हम कांग्रेस को और मजबूत करने तथा सत्तारूढ़ गठबंधन के भ्रष्टाचार, साम्प्रदायिकता का लोगों के सामने पर्दाफाश करने के लिए एक साथ मिलकर काम करेंगे। बोरा के साथ तृणमूल की प्रदेश इकाई के कई शीर्ष पदाधिकारी भी कांग्रेस में शामिल हुए। इस अवसर पर सिंह के अलावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया और अन्य नेता भी उपस्थित रहे।

टीएमसी से दिया था इस्तीफा

राज्य मंत्रिमंडल के पूर्व सदस्य और पूर्व सांसद रिपुन बोरा ने अप्रैल 2022 में कांग्रेस छोड़ी थी। इसके बाद वह टीएमसी में शामिल हो गए थे। हालांकि, एक सितंबर को तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देते हुए दावा किया कि इस पूर्वोत्तर राज्य के लोग उसे पश्चिम बंगाल की एक क्षेत्रीय पार्टी मानते हैं तथा वे अपनी पार्टी के तौर पर उसे स्वीकार करने के इच्छुक नहीं हैं।

ममता और अभिषेक बनर्जी पर लगाए थे आरोप

रिपुन बोरा ने इस दौरान टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए थे। बोरा ने एक पत्र के माध्यम से दिए इस्तीफे में कहा था कि कई कोशिशों के बाद भी उन्हें ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी से मिलने का समय नहीं मिला।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article