देश

आरजी कर मामला : खून के धब्बे, महिला डॉक्टर के शरीर पर मिला आरोपी का डीएनए...CBI ने 11 साक्ष्य किए सूचीबद्ध

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमीनार कक्ष से 9 अगस्त 2024 को 31 वर्षीय महिला डॉक्टर का शव बरामद किया गया था। कलकत्ता हाई कोर्ट ने 13 अगस्त को सीबीआई को इस मामले की जांच सौंपी थी।

Image

आरोपी संजय रॉय

KEY HIGHLIGHTS
  • आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या मामले में साक्ष्य सूचीबद्ध
  • सीबीआई ने आरोपपत्र में डीएनए और रक्त नमूनों की रिपोर्ट जैसे 11 साक्ष्य सूचीबद्ध किए
  • मृतक डॉक्टर के शरीर में आरोपी के डीएनए की मौजूदगी, छोटे बाल, मृतका के खून के धब्बे

RG Kar charge sheet: सीबीआई ने आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या के मामले में गिरफ्तार कोलकाता पुलिस के स्वयंसेवी संजय रॉय को इकलौता आरोपी ठहराने के लिए अपने आरोपपत्र में डीएनए और रक्त नमूनों की रिपोर्ट जैसे 11 साक्ष्य सूचीबद्ध किए हैं। सीबीआई ने रॉय के खिलाफ सबूत के तौर पर मृतक डॉक्टर के शरीर में आरोपी के डीएनए की मौजूदगी, छोटे बाल, मृतका के खून के धब्बे, रॉय के शरीर पर चोटों, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के मुताबिक उसके मोबाइल फोन की लोकेशन का जिक्र किया है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखा आरोपी

आरोपपत्र में यह भी कहा गया है कि संजय रॉय को महिला डॉक्टर द्वारा प्रतिरोध/संघर्ष के निशान के तौर पर जोर-जबरदस्ती से लगने वाली चोटें लगी थीं। कोलकाता पुलिस ने 10 अगस्त को रॉय को गिरफ्तार किया था। सीबीआई के आरोपपत्र में कहा गया है, आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और आपातकालीन इमारत की तीसरी मंजिल पर, जहां अपराध हुआ, वहां आठ और नौ अगस्त की मध्यरात्रि को उसकी (रॉय की) मौजूदगी सीसीटीवी फुटेज से साबित हुई है। सीडीआर के मुताबिक उसके मोबाइल फोन की लोकेशन से उसकी मौजूदगी साबित होती है।

‘वी’ के शरीर पर आरोपी का डीएनए

केंद्रीय जांच एजेंसी ने सोमवार को यहां एक स्थानीय अदालत में दाखिल किए गए अपने आरोपपत्र में मृतक महिला को ‘वी’ कहकर संबोधित किया है। आरोपपत्र में कहा गया है, पोस्टमार्टम के दौरान ‘वी’ के शरीर पर उसका (रॉय) डीएनए मिला... उसकी जींस और जूते पर ‘वी’ के रक्त के धब्बे थे, जिन्हें स्थानीय पुलिस ने 12 अगस्त को पूछताछ के बाद बरामद किया था। अपराध स्थल से मिले छोटे बाल का मिलान आरोपी संजय रॉय के बाल से हुआ है।

13 अगस्त को सीबीआई को सौंपी जांच

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमीनार कक्ष से 9 अगस्त 2024 को 31 वर्षीय महिला डॉक्टर का शव बरामद किया गया था। कलकत्ता हाई कोर्ट ने 13 अगस्त को सीबीआई को इस मामले की जांच सौंपी थी। इस घटना के बाद से ही कोलकाता में जूनियर डॉक्टर का आक्रोश सामने आया और कई दिनों तक विरोध प्रदर्शन किया गया। ममता सरकार से सुरक्षा सहित कई मांगों को लेकर डॉक्टरों ने करीब दो महीने तक आंदोलन चलाया। डॉक्टरों में अब भी आक्रोश है और वह पूरी तरह से काम पर नहीं लौटे हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article