Telangana Tunnel Collapse: तेलंगाना के सुरंग हादसे में फंसे 8 मजदूरों को बचाने का अभियान जारी है। अभी मिली जानकारी के अनुसार रेस्क्यू टीम फंसे हुए श्रमिकों के और नजदीक पहुंच गई है। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना की सरकार से कहा कि वो बचाव कार्य में किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ें। आठ में से छह (दो इंजीनियर और चार मजदूर) ‘जयप्रकाश एसोसिएट्स’ के हैं और दो अमेरिकी कंपनी के कर्मचारी हैं।
सुरंग में कहां तक पहुंचे बचाव कर्मी
तेलंगाना में श्रीशैलम सुरंग नहर परियोजना के निर्माणाधीन खंड की छत का एक हिस्सा ढह जाने से आठ व्यक्ति अंदर फंस गए हैं और उन्हें बाहर निकालने के लिए बचावकर्ता सुरंग के काफी अंदर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि यहां से लगभग 150 किलोमीटर दूर नागरकुरनूल जिले में घटनास्थल पर पहुंची टीम ने फंसे हुए लोगों के नाम पुकारे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। बचावकर्मी सुरंग के अंदर 13 किलोमीटर तक पहुंच गए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य के मंत्री एन उत्तम कुमार रेड्डी और जे कृष्ण राव बचाव कार्य की निगरानी के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
बचावकर्मियों के सामने चुनौती
बचावकर्मियों को लोहे, कीचड़ और सीमेंट के ब्लॉक से भरा मलबा हटाना होगा। बचाव दल 13 किलोमीटर तक पहुंचने में सफल रहे। वे उस स्थान पर स्थिति का आकलन कर रहे हैं, जहां शनिवार को आखिरी बार सुरंग खोदने वाली मशीन रखी गई थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा- ‘‘ (बचाव) दल लगभग अंतिम बिंदु (मशीन तक) पहुंच चुका है। हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं।"
राहुल गांधी ने की तेलंगाना सीएम से बात
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने श्रीशैलम सुरंग नहर परियोजना के निर्माणाधीन खंड की छत का एक हिस्सा ढहने के कारण उसमें फंसे श्रमिकों के बचाव कार्य को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से रविवार को फोन पर बातचीत की। उन्होंने सरकार से फंसे हुए श्रमिकों को बचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ने के लिए कहा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने श्रमिकों को बचाने के लिए उठाए गए कदमों और घटना पर निरंतर नजर बनाए रखने के लिए सराहना की।
