देश

Military, Women empowerment Republic Day 2024: गणतंत्र दिवस परेड में दिखेगी भारत की सैन्य ताकत, महिला सशक्तीकरण का होगा प्रदर्शन, जानिए क्या-क्या होगा खास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2024, 12:23 PM IST

India show military power, women empowerment at Republic Day 2024: भारतीय वायु सेना के फ्लाई-पास्ट के दौरान लगभग 15 महिला पायलट भी नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ियों में भी केवल महिला कर्मी शामिल होंगी।

Image

गणतंत्र दिवस पर दिखेगी भारत की ताकत (File photo)

Photo : PTI

India military power, women empowerment at Republic Day 2024: राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर भारत आज 75वें गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान अपनी सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन करेगा। देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में देश कर्तव्य पथ पर 90 मिनट की परेड के साथ गणतंत्र दिवस का जश्न मनाएगा।

मिसाइल, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली का प्रदर्शन

सशस्त्र बलों की परेड में मिसाइल, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली, वाहन पर लगे मोर्टार और बीएमपी-2 पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों और सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। तीनों सेवाओं का महिला दस्ता देश के इस सबसे बड़े समारोह में पहली बार शामिल होगा। ऐसा पहली बार होगा जब पारंपरिक सैन्य बैंड के बजाय परेड की शुरुआत 100 से अधिक महिला कलाकार शंख, नादस्वरम और नगाडा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाकर करेंगी।

15 महिला पायलट नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी

भारतीय वायु सेना के फ्लाई-पास्ट के दौरान लगभग 15 महिला पायलट भी नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करेंगी। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की टुकड़ियों में भी केवल महिला कर्मी शामिल होंगी। गणतंत्र दिवस परेड सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी। समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के ‘राष्ट्रीय समर स्मारक’ पर जाने से होगी, जहां वह शहीद हुए नायकों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि इसके कुछ मिनट बाद राष्ट्रपति मुर्मू और उनके फ्रांसीसी समकक्ष मैक्रों पारंपरिक बग्गी में पहुंचेंगे। यह प्रथा 40 साल के अंतराल के बाद फिर से शुरू हो रही है।

स्वदेशी 105-एमएम इंडियन फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी

राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान होगा और स्वदेशी बंदूक प्रणाली 105-एमएम इंडियन फील्ड गन के जरिए 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। मंत्रालय ने बताया कि 105 हेलीकॉप्टर यूनिट के चार एमआई-17 चार हेलीकॉप्टर कर्तव्य पथ पर उपस्थित दर्शकों पर पुष्प वर्षा करेंगे। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू के सलामी लेने के साथ परेड शुरू होगी। परेड की कमान दिल्ली क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल भवनीश कुमार संभालेंगे। कर्तव्य पथ फ्रांसीसी सशस्त्र बलों के संयुक्त बैंड और मार्चिंग दस्ते के मार्च पास्ट का भी गवाह बनेगा।

इन राज्यों की झांकियां

परेड के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 16 और केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की नौ झांकियां शामिल होंगी। जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियां शामिल होंगी उनमें अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, लद्दाख, तमिलनाडु, गुजरात, मेघालय, झारखंड, उत्तर प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article