देश

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने गणतंत्र दिवस पर दीं शुभकामनाएं, पीएम मोदी के साथ ली गई सेल्फी की शेयर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2024, 10:01 AM IST

Republic Day 2024: इस बार 75वें गणतंत्र दिवस पर भारत के खास मेहमान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं। जयपुर का दौर करने के बाद वह देर रात दिल्ली पहुंच गए।

Image

राष्ट्रपति मैक्रों और पीएम मोदी

Republic Day 2024 : फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को 75वें गणतंत्र दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस अवसर पर उन्हें भारत के लोगों के बीच होने की खुशी और गर्व, दोनों हैं। मैंक्रों इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि हैं। वह कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखेंगे जहां भारत की सैन्‍य क्षमता और सांस्‍कृतिक विविधता का प्रदर्शन किया जाएगा। मैक्रों ने ट्विटर पर एक पोस्ट में कहा, ‘मेरे प्रिय मित्र नरेन्द्र मोदी और भारत के लोग। गणतंत्र दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। आपके साथ होने पर खुशी और गर्व है। आइए, जश्न मनाते हैं!’ इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बृहस्पतिवार को जयपुर में ली गई एक सेल्फी भी साझा की।

75वें गणतंत्र दिवस पर भारत के खास मेहमान मैक्रों

इस बार 75वें गणतंत्र दिवस पर भारत के खास मेहमान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों हैं। जयपुर का दौर करने के बाद वह देर रात दिल्ली पहुंच गए। जयपुर में जहां उनका जबरदस्त स्वागत हुआ, उन्होंने पीएम मोदी के साथ रोड शो भी किया। फ्रांस के राष्ट्रपति का दिल्ली हवाई अड्डे पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का नई दिल्ली पहुंचने पर विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने स्वागत किया। राष्ट्रपति मैक्रों 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। बता दें कि मैक्रों ने गुरुवार को राजस्थान के जयपुर का दौरा किया।

जंतर-मंतर से सांगानेरी गेट तक रोड शो

प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार परकोटे में स्थित जंतर मंतर से सांगानेरी गेट तक रोड शो किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मैक्रों को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर की प्रतिकृति उपहार में दी। दोनों नेताओं ने एक साथ मसाला चाय की चुस्की भी ली। रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी व राष्ट्रपति मैक्रों खुली छत वाले एक वाहन में सवार थे। रोड शो में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। दोनों नेताओं ने सड़क के दोनों ओर खड़े जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। मैक्रों कई जगह लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के दौरान हाथ जोड़कर 'नमस्ते' करते दिखे। लोगों ने 'मोदी मोदी' के नारे भी लगाए। उन पर कई स्थानों पर फूलों की वर्षा की गई।

परेड में दिखेगी सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत

राजधानी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर भारत आज 75वें गणतंत्र दिवस की परेड के दौरान अपनी सैन्य ताकत और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का भव्य प्रदर्शन करेगा। देश की महिला शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों पर केंद्रित इस भव्य समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में देश कर्तव्य पथ पर 90 मिनट की परेड के साथ गणतंत्र दिवस का जश्न मनाएगा।

मिसाइल, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली का प्रदर्शन

सशस्त्र बलों की परेड में मिसाइल, ड्रोन जैमर, निगरानी प्रणाली, वाहन पर लगे मोर्टार और बीएमपी-2 पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों और सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। तीनों सेवाओं का महिला दस्ता देश के इस सबसे बड़े समारोह में पहली बार शामिल होगा। ऐसा पहली बार होगा जब पारंपरिक सैन्य बैंड के बजाय परेड की शुरुआत 100 से अधिक महिला कलाकार शंख, नादस्वरम और नगाडा जैसे भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाकर करेंगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!