देश

चंद घंटे बाद ही सीजफायर टूटने की खबर! पंजाब के कई शहरों में ब्लैक आउट, कच्छ में 7 ड्रोन मार गिराए

Ceasefire Violation : भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को सीजफायर की घोषणा होने के चंद घंटे बाद ही इसे टूटने की रिपोर्टों आने लगीं। रिपोर्टों में कहा गया है कि नियंत्रण रेखा पर कई जगहों पर पाक रेंजर्स की तरफ से गोलीबारी होने की खबरें हैं। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

Image

शनिवार शाम भारत औऱ पाकिस्तान के बीच सीजफायर लागू हुआ।

Ceasefire Violation : भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को सीजफायर की घोषणा होने के चंद घंटे बाद ही इसे टूटने की रिपोर्टों आने लगीं। रिपोर्टों में कहा गया है कि नियंत्रण रेखा पर कई जगहों पर पाक रेंजर्स की तरफ से गोलीबारी हुई। हालांकि, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। इस बीच, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने X पर पोस्ट अपने एक ट्वीट में पूछा कि यह कैसा सीजफायर है? श्रीनगर में लगातार विस्फोटों की आवाज सुनी जा रही है। पंजाब के फिरोजपुर में ब्लैक आउट किया गया है। गुजरात के कच्छ में 7 ड्रोन मार गिराए जाने की खबर है।

उमर ने एक और ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि 'यहां कोई सीजफायर नहीं हुआ है। श्रीनगर में वायु रक्षा यूनिटें सक्रिय हो गई हैं।' उन्होंने अपने इस ट्वीट के साथ वीडियो भी साझा किया है।

हालांकि, उमर के इस दावे के बीच श्रीनगर के लाल चौक पर लाइटें जला दी गई हैं। बाड़मेर, फिरोजपुर, फरीदकोट, पठानकोट, होशियारपुर और भुज में भी ब्लैक आउट होने की रिपोर्टें हैं। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब के मोगा, पठानकोट में भी पूरी तरह से ब्लैक आउट कर दिया गया है। जम्मू में भी ब्लैकआउट हुआ है।

कच्छ में दिखे कई ड्रोन-सांघवी

गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने अपने एक ट्वीट में कहा कि कच्छ जिले में कई ड्रोन देखे गए हैं। ड्रोन नजर आने के बाद शहर में अब पूरी तरह से ब्लैक आउट रहेगा। मंत्री ने लोगों से सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे घबराए नहीं।

सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के बीच शनिवार को विदेश मंत्रालय ने घोषणा की कि दोनों पक्षों में आज शाम पांच बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बन गयी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दोनों पक्षों के बीच सहमति की जानकारी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दी। उन्होंने कहा, 'भारत और पाकिस्तान के बीच आज गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बन गयी। भारत ने सभी प्रकार के आतंकवाद के विरुद्ध अपना अडिग रुख कायम रखा है और आगे भी ऐसा ही करता रहेगा।'

दोनों देशों के डीजीएमओ के बीच हुई बातचीत

इससे पहले, विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने यहां प्रेस वार्ता में बताया कि पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) ने अपराह्न तीन बजकर 35 मिनट पर भारतीय डीजीएमओ से फोन पर बात की। उन्होंने कहा, 'उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष शनिवार को शाम पांच बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।' उन्होंने कहा, 'इस सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। डीजीएमओ 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बातचीत करेंगे।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article