देश

केरल में वंदे मातरम को लेकर छिड़ा विवाद, CM सतीशन बोले- पूरा गाना अनिवार्य नहीं, पारित नहीं हुआ कोई कानून

Vande Mataram Row: केरल के मुख्यमंत्री सतीशन ने कहा कि 'वंदे मातरम्' को पूरा गाना अनिवार्य नहीं है। राज्यपाल ने कहा कि यह पहले से तय था कि जब भी राज्यपाल सदन में मौजूद हों, तब 'वंदे मातरम्' पूरा गाया जाना चाहिए।

Image

केरल में वंदे मातरम को लेकर छिड़ा विवाद, CM सतीशन बोले- पूरा गाना अनिवार्य नहीं, पारित नहीं हुआ कोई कानून

Vande Mataram Row: केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' को पूरा गाना अनिवार्य नहीं है, क्योंकि इस संबंध में संसद ने कोई कानून पारित नहीं किया है। इससे पहले, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को इस बात पर नाराजगी जतायी कि जब वह संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) सरकार के नीतिगत अभिभाषण के लिए विधानसभा में मौजूद थे, तब 'वंदे मातरम्' पूरा नहीं गाया गया।

क्या है पूरा मामला?

केरल विधानसभा में राज्यपाल के नीतिगत अभिभाषण से पहले और बाद में एक बैंड दल ने 'वंदे मातरम्' के शुरुआती अंतरे प्रस्तुत किए थे। राज्यपाल ने विधानसभा से लौटने के बाद लोक भवन में पत्रकारों से कहा कि यह पहले से तय था कि जब भी राज्यपाल सदन में मौजूद हों, तब 'वंदे मातरम्' पूरा गाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा में गीत केवल बजाया गया, गाया नहीं गया।

क्या कुछ बोले सतीशन?

सतीशन ने इस मामले में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस और उसका यूडीएफ गठबंधन एक राजनीतिक विचारधारा के ढांचे के भीतर काम करते हैं और वे पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के फैसलों के अनुसार संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का स्पष्ट रुख है और वही गठबंधन पर भी लागू होता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 'वंदे मातरम्' को पूरा गाना अनिवार्य नहीं है, क्योंकि संसद ने इस संबंध में कोई कानून पारित नहीं किया है। उन्होंने कहा, ''संसद द्वारा केवल कुछ दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।''

केरल सरकार पर बरसी भाजपा

भाजपा ने केरल सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य विधानसभा में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगीत के केवल शुरुआती अंतरे बजाकर उसने वंदे मातरम और राज्यपाल का कथित तौर पर अपमान किया है। सोशल मीडिया 'एक्स' पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने पूरा वंदे मातरम बजाना सुनिश्चित नहीं किया जो संवैधानिक मर्यादा का उल्लंघन है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें