देश

रामभद्राचार्य की फटकार के बाद 7 यूट्यूबर्स के खिलाफ कोर्ट पहुंचे बाल संत अभिनव अरोड़ा, उत्पीड़न का आरोप

Abhinav Arora: अभिनव अरोड़ा स्वामी रामभद्राचार्य की डांट के बाद सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हो रहे हैं। अभिनव अरोड़ा की कृष्ण भक्ति के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लगभग सात यूट्यूबर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर उनकी भक्ति पर सवाल उठाए हैं।

Image

यूट्यूबर अभिनव अरोड़ा।

Photo : Twitter

Abhinav Arora: बाल संत और यूट्यूबर अभिनव अरोड़ा सात यूट्यूबर्स के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर अदालत पहुंचे हैं। इस दौरान उनके साथ उनके माता-पिता भी मौजूद रहे। अभिनव अरोड़ा ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मथुरा की एसीजेएम प्रथम की अदालत में वाद दायर किया है।

उन्होंने कहा, मैं केस दर्ज नहीं करना चाहता था, लेकिन यूट्यूबर्स ने मुझे ऐसा करने के लिए मजबूर किया। मैं एक कहानी के माध्यम से समझाता हूं। भगवान राम का इरादा खर-दूषण को मारने का नहीं था, लेकिन खर-दूषण ने इतना उत्पात मचाया कि भगवान राम को मजबूर होना पड़ा। उनको न्याय के लिए आगे बढ़ना पड़ा। हमें धमकाया जा रहा है और मेरे साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। इसका असर मेरे माता-पिता पर भी पड़ रहा है। मेरी भक्ति को फर्जी करार दिया जा रहा है।

यूट्यूबर्स ने उठाए अभिनव अरोड़ा की भक्ति पर सवाल

अभिनव अरोड़ा स्वामी रामभद्राचार्य की डांट के बाद सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल हो रहे हैं। अभिनव अरोड़ा की कृष्ण भक्ति के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लगभग सात यूट्यूबर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर उनकी भक्ति पर सवाल उठाए हैं। इस संबंध में अभिनव अरोड़ा के पिता तरुण अरोड़ा ने 19 अक्टूबर को भी मथुरा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मथुरा पुलिस द्वारा कोई सुनवाई न करने के कारण अभिनव अरोड़ा ने आज अपने परिवार के साथ मथुरा की एसीजेएम अदालत जाकर वाद दाखिल किया।

मिल रही जान से मारने की धमकी

बाल संत अभिनव अरोड़ा की ओर से मां ज्योति अरोड़ा ने सोमवार को मथुरा के एसीजेएम कोर्ट में पहुंच कर सात यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिवार का आरोप है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनके बेटे को ट्रोल किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। आज सुनवाई में अदालत ने पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है कि अभी तक क्या कार्रवाई की गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 6 नवंबर को होगी।

क्या बोले रामभद्राचार्य

अभिनव अरोड़ा को लेकर जगतगुरु रामभद्राचार्य ने कहा, "मेरी कथा एक गंभीर विषय पर थी। उस बच्चे के व्यवहार में शरारत और संतों के सामने नृत्य करना शामिल था, यही कारण है कि मैंने उसे जाने के लिए कहा, क्योंकि यह मेरी गरिमा से संबंधित है। मैं इसे अच्छा नहीं मानता। मेरे मन में उसके प्रति कोई शत्रुता नहीं है। उसको जो धमकी मिल रही है, उस बारे में मैं कुछ नहीं जानता।"

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें