Congress Leaders Comment on President's Address: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर राष्ट्रपति भवन ने बयान जारी किया है। राष्ट्रपति भवन ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां बेकार, दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं। बता दें कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर खुद सोनिया गांधी ने भी टिप्पणी की है जिसे लेकर वह बीजेपी के निशाने पर भी हैं। अब कांग्रेस नेताओं की टिप्पणी पर राष्ट्रपति भवन ने भी प्रतिक्रिया दी है।
सोनिया ने राष्ट्रपति को कहा, बेचारी
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद शुक्रवार को कहा कि वह अपने संबोधन के आखिर तक थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं। उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गई थीं...वह मुश्किल से बोल पा रही थीं, बेचारी।
राष्ट्रपति भवन ने क्या-क्या कहा
राष्ट्रपति भवन ने कहा कि संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां स्पष्ट रूप से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं और इसलिए अस्वीकार्य हैं। राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उसका मानना है कि ऐसा हो सकता है कि ये नेता हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं के मुहावरे और प्रवचन से परिचित नहीं थे और इस तरह उन्होंने गलत धारणा बनाई। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि किसी भी मामले में, ऐसी टिप्पणियां खराब, दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं।
राष्ट्रपति भवन ने कहा, संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी के कुछ प्रमुख नेताओं ने ऐसी टिप्पणियां की हैं जो स्पष्ट रूप से उच्च पद की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, और इसलिए अस्वीकार्य हैं। इसमें कहा गया है कि इन नेताओं ने कहा है कि राष्ट्रपति अंत तक बहुत थक गई थीं और वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।
राष्ट्रपति भवन स्पष्ट करना चाहता है कि सच्चाई से दूर कुछ भी नहीं हो सकता है। राष्ट्रपति कहीं भी थकी हुई नहीं थी। वास्तव में उनका मानना है कि हाशिए पर रहने वाले समुदायों, महिलाओं और किसानों के लिए बोलना, जैसा कि वह कर रही थीं, उनका संबोधन कभी भी थका देने वाला नहीं हो सकता।
चर्चा करते दिखे सोनिया, राहुल और प्रियंका
शुक्रवार को राष्ट्रपति द्वारा संयुक्त बैठक में अपना संबोधन समाप्त करने के तुरंत बाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को भाषण पर चर्चा करते देखा गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में कथित तौर पर सोनिया गांधी को यह कहते हुए सुना गया, बेचारी महिला, राष्ट्रपति अंत तक बहुत थक गई थीं...वह बेचारी मुश्किल से बोल पा रही थीं।बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू ने बजट सत्र के पहले दिन संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के इस तीसरे कार्यकाल में तीन गुना गति से काम हो रहा है और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया गया है।
