Rama Navmi clash in Howrah Latest Update: रामनवमी पर पश्चिम बंगाल के हावड़ा में जुलूस के दौरान भड़की हिंसा के मामले को लेकर शुक्रवार (31 मार्च, 2023) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सूबे के राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस से संवाद साधा। टेलीफोन पर हुई इस बातचीत के वक्त उन्होंने वहां की ताजा स्थिति का जायजा लिया। सूत्रों ने इस बाबत समाचार एजेंसी पीटीआई को आगे यह भी बताया कि शाह ने इस दौरान राज्य में खास कर हावड़ा के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति जानने की कोशिश की। समझा जा सकता है कि राज्यपाल ने एक रोज पहले यानी गुरुवार की हिंसा और मौजूदा स्थिति के बारे में गृह मंत्री को ब्योरा दिया है।

Ram Navami Howrah Riots, Howrah, West Bengal
इस बीच, सूबे की सीएम और टीएमसी चीफ ममता बनर्जी का दावा है कि हावड़ा में हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य दक्षिणपंथी संगठन जिम्मेदार हैं। बांग्ला समाचार चैनल एबीपी आनंदा को उन्होंने बताया, ‘‘हावड़ा की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हावड़ा में हिंसा के पीछे न तो हिंदू थे और ना ही मुस्लिम थे। बजरंग दल और अन्य ऐसे संगठनों के साथ भाजपा हथियारों के साथ हुई इस हिंसा में शामिल थी। हिंसा के सिलसिले में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’ सीएम ने यह भी कहा कि राज्य सरकार उन सभी लोगों की मदद करेगी, जिनकी संपत्तियों को झड़पों के दौरान नुकसान पहुंचा है।
वैसे, जिस जगह दो समूहों के बीच हुई झड़प हुई थी, वहां पुलिस की भारी तैनाती के बीच शुक्रवार को इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण रही। पुलिस के सीनियर अफसर ने इस बारे में समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि काजीपाडा के आस-पास के विभिन्न इलाकों में रात भर तलाशी अभियान चलाए गए और छापेमारी की गई। झड़प के सिलसिले में अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वीडियो फुटेज के जरिए हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
