Rajyasabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव के लिए गहमागहमी तेज हो गई है। पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भगवा पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को मध्य प्रदेश में और सतीश पूनिया को राजस्थान में चुनाव मैदान में उतारा है लेकिन केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिंट्टू और जॉर्ज कुरियन के नाम सूची में शामिल नहीं हैं। ये दोनों केंद्र सरकार में मंत्री है। इनके उम्मीदवार न बनाए जाने से आने वाले समय में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की संभावना और प्रबल हो गई है। बता दें कि कुरियन और बिट्टू का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीट पर 18 जून को होगा चुनाव।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए बीते गुरुवार को 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को मध्य प्रदेश में और सतीश पूनिया को राजस्थान में चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन के नाम सूची में शामिल नहीं हैं। बिट्टू राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं, जबकि कुरियन संसद के उच्च सदन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। दोनों का राज्यसभा कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलें तेज
इन दोनों मंत्रियों को दोबारा नामांकित न किए जाने और हर्ष मल्होत्रा को हाल में दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का राज्यसभा कार्यकाल भी नवंबर में समाप्त हो रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव चुघ पंजाब से ताल्लुक रखते हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में पार्टी से जुड़े मामलों के प्रभारी हैं। वहीं, राजस्थान भाजपा के पूर्व अध्यक्ष पूनिया पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी हैं। उन्हें 2023 में राजस्थान विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
देबाशीष सामंतराय ओडिशा से उम्मीदवार
उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के लिए देबाशीष सामंतराय को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सामंतराय हाल में बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। सूची के मुताबिक, राज्यसभा चुनाव में राजुभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा, मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजरिया गुजरात से पार्टी के उम्मीदवार होंगे, जबकि रजनीश अग्रवाल मध्यप्रदेश से मैदान में उतरेंगे।
अरुणाचल प्रदेश में ताई तागाक उम्मीदवार
सूची के अनुसार, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली मामलों की प्रभारी अलका गुर्जर राजस्थान में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा चुनाव लड़ेंगी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची के मुताबिक, मणिपुर में ए शारदा देवी और अरुणाचल प्रदेश में ताई तागाक राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवार होंगे।
10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीट पर चुनाव 18 जून को होगा
अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और मणिपुर सहित 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीट पर चुनाव के लिए मतदान 18 जून को होगा। उसी दिन महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि आठ जून है।
कांग्रेस ने उतारे 7 उम्मीदवार
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपने सात उम्मीदवारों की घोषणा की, जिनमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का नाम सबसे प्रमुख है। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, कांग्रेस ने कर्नाटक से खरगे, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को टिकट दिया है। खरगे वर्तमान में भी अपने गृह प्रदेश से ही उच्च सदन के सदस्य हैं। वह राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। खेड़ा पहली बार किसी सदन के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया
खान पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान खान के पुत्र हैं और लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अलग-अलग भूमिकाओं में सक्रिय हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में बेंगलुरु सेंट्रल क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया है। वह वर्तमान में पार्टी की तेलंगाना प्रभारी हैं। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का राज्यसभा का कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा है, हालांकि उन्होंने पहले ही राज्यसभा नहीं जाने की अपनी इच्छा जाहिर कर दी थी। पार्टी ने राजस्थान से पार्टी के वर्तमान राज्यसभा सदस्य नीरज डांगी को एक बार फिर उम्मीदवार बनाया है।
