Rajnath Singh On CJP Protest: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश के मौजूदा हालात और विपक्षी पार्टियों के दावों पर अपनी बातें रखी। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। हालांकि, उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के युवाओं को मोहरा बनाकर राजनीति कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलकर 'रिजिम चेंज' (सत्ता परिवर्तन) की बातें कर रहे हैं और इसके लिए बांग्लादेश से प्रेरणा लेने का जिक्र कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्ष पर साधा निशाना। ANI
'देश का माहौल बिगाड़ना इन लोगों का एजेंडा'
राजनाथ सिंह ने कहा, "विपक्ष जिस तरह से 'रिजिम चेंज' और सरकार गिराने जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहा है, उससे साफ जाहिर होता है कि उनकी यह लड़ाई चुनाव सुधार या एसआईआर (SIR) के लिए नहीं है। उनका एकमात्र एजेंडा देश में आग लगाना और माहौल बिगाड़ना है।"
उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग खुले तौर पर सरकार को गिराने की बात कर रहे हैं। उनके मुताबिक, इससे यह स्पष्ट होता है कि उनका एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना और देश में अशांति फैलाना है।
'एसआईआर और ज्ञानेश कुमार का मुद्दा नहीं है असली लड़ाई'
राजनाथ सिंह ने कहा कि यह संघर्ष न तो चुनाव सुधार के लिए है, न ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे तक सीमित है। उन्होंने दावा किया कि इसके पीछे देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की चिंता नहीं, बल्कि अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करने की मंशा है।
रक्षा मंत्री के मुताबिक, युवाओं को राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत अपनी बात रखने के बजाय सरकार को गिराने और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
