Madan Dilawar : राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मुगल शासक अकबर पर विवादित बयान दिया है। उदयपुर के एक स्कूल में लोगों को संबोधित करते हुए दिलावर ने कहा कि अकबर को महान बताना मूर्खता है। वह एक लुटेरा और आक्रांता था। उसकी महानता बताने वाली किताबें अब राजस्थान में नहीं पढ़ाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि अकबर को महान बताने वाली किताबों को जला दिया जाएगा। अकबर की तुलना महाराणा प्रताप से करना मेवाड़ और राजस्थान की जनता का अपमान है।
मीना बाजार लगाने वाला महान कैसे हो सकता है-दिलावर
उदयपुर में 28वें राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसा इंसान कैसे महान हो सकता है कि जो मीना बाजार लगाता था और महिलाओं को उठा ले जाता था। जिन्होंने अकबर को महान बताया उसकी गाथा पढ़ाई वह मेवाड़ और राजस्थान का दुश्मन है। उन्होंने कहा, 'मैं शपथ लेकर कहता हूं कि आगे से राजस्थान में किसी भी किताब में अकबर को महान रूप में नहीं पढ़ाया जाएगा।' बता दें कि दिलावर पहले भी अकबर पर विवादित बयान दे चुके हैं।
157 भामाशाह हुए सम्मानित
शिक्षा मंत्री उदयपुर में रविवार को राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में भाग लेने आए थे। उन्होंने कहा कि हमने सभी कक्षाओं की किताबें देख ली हैं, किसी में भी अकबर के महान बताए जाने का पाठ शामिल नहीं है। राज्य स्तरीय समारोह में विद्यालयों में दान देने वाले 157 भामाशाहों का प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। सर्वाधिक 14 करोड़ 11 लाख 57 हजार 824 रुपये दान देकर न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड रावतभाटा (राजस्थान) ने सबसे बड़े दानवीर का गौरव हासिल किया है।
