Rahul Bharat Jodo Nyay Yatra : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' (Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra) आज सुबह पड़ोसी राज्य ओडिशा से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करेगी। नवंबर 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राज्य की सत्ता से बाहर होने के बाद राहुल गांधी पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। कांग्रेस पदाधिकारी ने बताया कि यात्रा सुबह करीब साढ़े दस बजे छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर रायगढ़ जिले में प्रवेश करेगी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष वहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इन जगहों से गुजरेगी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा
दो दिन के अंतराल के बाद यात्रा 11 फरवरी को रायगढ़, सक्ती और कोरबा जिलों से होकर गुजरेगी। उसके अगले दिन यात्रा कोरबा, सूरजपुर से होकर गुजरेगी, जबकि 13 फरवरी को सरगुजा और बलरामपुर से गुजरेगी। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को यात्रा बलरामपुर से झारखंड रवाना होगी।
मणिपुर से शुरू हुई थी राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा
राहुल की ये यात्रा मणिपुर से शुरू हुई थी और असम, बंगाल होते हुए अब छत्तीसगढ़ पहुंच रही है। राहुल अपनी यात्रा के दौरान केंद्र सरकार को निशाने पर लेते रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा सरकार में देश में आम लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। उनकी इस यात्रा में जयराम रमेश, के वेणुगोपाल समेत कई बड़े नेता शामिल हैं। एक तरफ जहां संसद सत्र चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ राहुल की न्याय यात्रा जारी है।
