देश

Voter Adhikar Yatra: 'राहुल की 'वोटर अधिकार यात्रा' लोकतंत्र के लिए जरूरी...' बोले पप्पू यादव

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी के प्रयासों की वजह से ही जातिगत जनगणना संभव हो पाई। अगर उन्होंने पहल नहीं की होती तो निश्चित तौर पर आज जातिगत जनगणना की रूपरेखा निर्धारित नहीं हो पाती। राहुल गांधी के प्रयासों की वजह से केंद्र सरकार को जातिगत जनगणना का फैसला लेना पड़ा।

Image

'राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' (फोटो: PTI)

Voter Adhikar Yatra: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को बिहार में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी कई बार यात्राएं कीं। उनकी यात्राओं ने देश को फायदा पहुंचाया। इसी तरह से निश्चित तौर पर राहुल गांधी की यात्राएं भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को व्यापक स्तर पर फायदा पहुंचाएंगी। अब तक जितने भी यात्राएं देश में हुई हैं, उससे फायदा ही पहुंचा है।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि जब-जब इस देश में यात्राए हुई हैं, तब-तब देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हुई है। देश का संविधान मजबूत हुआ है। लोगों का विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बढ़ा है। ऐसी स्थिति में हमें यात्रा से होने वाले लोकतांत्रिक फायदों को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए।

सांसद पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भलीभांति जानते हैं कि मौजूदा समय में देश में किस-किस तरह की समस्याएं हैं। इनसे निपटने के लिए राहुल गांधी ने यात्राओं पर जोर दिया।

उन्होंने अपनी यात्राओं में इन सभी मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया। चाहे वो नोटबंदी का मुद्दा हो या कोरोना काल में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा हो। उन्होंने हर मुद्दे को उठाकर देश की जनता का सामने रखा और सरकार की विफलता को भी रेखांकित किया।

'राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा भी उठाया'

इसके अलावा राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा भी उठाया। पप्पू यादव ने कहा कि वोट चोरी की गंभीरता को देखिए कि खुद नितिन गडकरी को भी यह मानना पड़ा कि साढ़े तीन लाख वोटों की चोरी हुई है। ऐसी स्थिति में आप खुद ही समझ सकते हैं कि वोट चोरी मौजूदा समय में कितनी बड़ा मुद्दा बन चुका है, जिसे राहुल गांधी लगातार उठा रहे हैं। हाल ही में एक विधायक और चुनाव आयोग के एक पूर्व अधिकारी ने भी इस मुद्दे को उठाया।

मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहा कि हम इस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच में गए। उनसे इस बारे में बात की तो हम यह जानकर हैरान हो गए कि लोगों को इसके बारे में कुछ भी पता नहीं था। ताज्जुब की बात थी कि उनका नाम मतदाता सूची से कट चुका था। आखिर यह सब क्या था।

'वोटर अधिकार यात्रा के दौरान लोगों का विश्वास कांग्रेस पर बढ़ा है'

उन्होंने कहा कि अब लोगों का विश्वास राहुल गांधी पर बढ़ा है। उन्हें लगता है कि राहुल गांधी की वजह से हमारे लोकतांत्रिक मूल्य सुरक्षित रहेंगे। उनके जैसा मेहनती इंसान मैंने अपनी जिंदगी में नहीं देखा। पप्पू यादव ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान लोगों का विश्वास कांग्रेस पर बढ़ा है। अब लोगों को लगता है कि राहुल गांधी झुकने वाले लोगों में से नहीं हैं। इसी वजह से आज लोग राहुल गांधी को सुनने के लिए आतुर हैं। लोग राहुल गांधी की ओर विश्वास और आशा की नजरों से देख रहे हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article