देश

Rahul Gandhi: लोकसभा चुनाव से पहले फिर विदेश जाएंगे राहुल, कैम्ब्रिज में देंगे भाषण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 21, 2024, 10:58 AM IST

Rahul Gandhi News: जयराम रमेश ने बताया कि 26 फ़रवरी से एक मार्च तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विराम होगा ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान दे सकें।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी

Photo : BCCL

Rahul Gandhi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा से कुछ दिनों का विराम लेकर इस महीने के आखिर में ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में व्याख्यान देंगे और फिर पार्टी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को यह जानकारी दी। बता दें, राहुल गांधी की यह विदेश यात्रा ऐसे समय पर होने जा रही है, जब किसी भी समय लोकसभा चुनाव का ऐलान हो सकता है।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया, भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 39वां दिन आज दोपहर दो बजे कानपुर में समाप्त होगा। 22 और 23 फ़रवरी को यात्रा में विराम होगा। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 24 फ़रवरी की सुबह मुरादाबाद से फ़िर शुरू होगी। उसके बाद संभल, अलीगढ़, हाथरस, और आगरा ज़िलों से गुजरते हुए यात्रा राजस्थान के धौलपुर में रुकेगी।

27-28 फरवरी को कैम्ब्रिज में रहेंगे राहुल

जयराम रमेश ने बताया कि 26 फ़रवरी से एक मार्च तक भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विराम होगा ताकि राहुल गांधी 27 और 28 फरवरी को इंग्लैंड के कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में दो विशेष व्याख्यान देने के अपने एक साल पहले के वादे को पूरा कर सकें और उन्हें नयी दिल्ली में होने वाली अन्य महत्वपूर्ण बैठकों में शामिल होने का मौका मिल सके।

पांच मार्च को महाकाल के दर्शन करेंगे राहुल

जानकारी के मुताबिक, दो मार्च को दोपहर 2 बजे धौलपुर से एक बार फिर भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू होगी। इसके बाद यह मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, शाजापुर, और उज्जैन-सहित मध्यप्रदेश के अन्य ज़िलों से गुजरेगी। जयराम रमेश ने कहा, पांच मार्च को दोपहर 2 बजे राहुल गांधी उज्जैन के पवित्र श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। उन्होंने पिछली बार भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 29 नवंबर 2022 को यहां दर्शन किए थे। बता दें, भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से आरंभ हुई थी। अगले महीने मुंबई में इसका समापन होना है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article