Ashwini Vaishnaw On Rahul Gandhi: राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म होने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। इसे लेकर दोनों पार्टियां एक दूसरे पर हमले का कोई मौका नहीं चूक रही हैं। आज आईटी व रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राहुल गांधी पर ताबड़तोड़ हमला बोला और आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी खुद को अदालत और संविधान से ऊपर समझते हैं।
राहुल गांधी ने ओबीसी समुदाय का अपमान किया
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राहुल गांधी ने ओबीसी समुदाय का अपमान किया और जब कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया तो उन्होंने कहा कि कोर्ट ही गलत है। राहुल गांधी को लगता है कि इस देश पर शासन करना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी हक की राजनीति करते हैं। वे सोचते हैं कि चूंकि वह एक निश्चित परिवार में पैदा हुए हैं, इसलिए वह संविधान, अदालत और संसद से ऊपर हैं। राहुल ये भी सोचते हैं कि वे भारत के संविधान से ऊपर हैं।
देश पर शासन जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं राहुल
केंद्रीय मंत्री ने कहा, राहुल गांधी को लगता है कि कोई भी अदालत उनके खिलाफ फैसला नहीं दे सकती। उन्हें लगता है कि इस देश पर शासन करना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है। साथ ही कहा, जो लोग हम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, उन्हें यह याद करने की कोशिश करनी चाहिए कि कैसे यूपीए सरकार के दौरान देश में संस्थानों को कमजोर करने की साजिश चल रही थी।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि राहुल गांधी को उनके अहंकार के कारण अयोग्य घोषित किया गया है। उन्हें लगता है कि इस देश पर शासन करना उनका जन्मसिद्ध अधिकार है और यही उनके दिमाग में असंगति पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि सभी भ्रष्टाचारी एक मंच पर आ गए हैं। वे खुश नहीं हैं क्योंकि पीएम मोदी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोगों को उनका हक मिले, वे लोगों के बैंक खातों में मदद पहुंचा रहे हैं। यह विपक्ष को मंजूर नहीं है और वह भ्रष्टाचार के दिनों में लौटना चाहता है।
