देश

'18.5 लाख छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, अगर PM को...', राहुल गांधी ने CBSE OSM विवाद पर केंद्र सरकार पर बोला हमला

CBSE OSM Controversy: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ओएसएम कॉन्ट्रैक्ट देने में गड़बड़ी और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाया।

Image

छात्रों के रिजल्ट विवाद पर राजनीति गरमाई

Photo : ANI

CBSE OSM Controversy: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (CBSE On Screen Marking) प्रक्रिया को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री छात्रों की सच में चिंता करते, तो शिक्षा मंत्री को काफी पहले ही पद से हटा दिया जाता।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सीबीएसई की ओएसएम प्रक्रिया का ठेका COEMPT नाम की कंपनी को दिया गया, जो पहले ग्लोबरेना नाम से विवादों में रह चुकी है। उन्होंने पूछा कि आखिर इस कंपनी को काम किसके आदेश पर दिया गया और क्या सरकार ने कंपनी की पृष्ठभूमि की सही जांच की थी या नहीं। राहुल गांधी का कहना है कि अगर जांच के बाद भी कंपनी को काम दिया गया तो यह गंभीर मामला है, और अगर जांच ही नहीं हुई तो यह और भी बड़ी लापरवाही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले में सरकार की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए क्योंकि करीब 18.5 लाख छात्रों का भविष्य इससे जुड़ा हुआ है।

राहुल गांधी ने सीधा शिक्षा मंत्री को बताया जिम्मेदार

राहुल गांधी ने शिक्षा मंत्री को इस मामले में सीधे तौर पर जिम्मेदार बताया। वहीं दूसरी ओर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इन आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सीबीएसई ने पहले ही इस मुद्दे पर अपनी स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया भारत सरकार के नियमों के अनुसार की गई थी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगर किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धर्मेंद्र और CBSE ने दी सफाई

धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर राजनीति करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इस समय सबसे जरूरी बात छात्रों का मानसिक तनाव कम करना है, न कि इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी करना। मंत्री ने यह भी कहा कि राहुल गांधी अक्सर देश की तकनीकी और वैज्ञानिक प्रगति का विरोध करते रहे हैं। इस बीच CBSE ने भी सफाई दी है। बोर्ड ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा लिंक केवल एक टेस्टिंग वेबसाइट का था, जिसमें नमूना डेटा इस्तेमाल किया गया था। सीबीएसई के अनुसार असली मूल्यांकन प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!