Rahul Gandhi News: सांसदी बहाल होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र केरल के वायनाड पहुंचे इस दौरान उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सत्ताधारी दल भाजपा पर एक के बाद एक तीखा प्रहार किया। राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा का लक्ष्य परिवारों को नष्ट करना है। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए अपने मणिपुर का अनुभव साझा किया और प्रधानमंत्री से कई तीखे सवाल पूछे।
राहुल गांधी ने बताया मणिपुर में उन्होंने क्या देखा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बताया कि 'मैं कुछ समय पहले मणिपुर गया था। मैं 19 साल से राजनीति में हूं और मैंने मणिपुर में जो अनुभव किया, वह पहले कभी भी अनुभव नहीं किया था। मणिपुर में हजारों लोग हैं, जिन्होंने इसे झेला है। किसी का घर जला दिया गया है, किसी की बहन के साथ बलात्कार किया गया है, और किसी के भाई और माता-पिता की हत्या कर दी गई है। यह ऐसा है जैसे किसी ने पूरे मणिपुर में मिट्टी का तेल फेंककर आग लगा दी हो।' राहुल गांधी ने कहा कि हर जगह खून है, हर जगह हत्या है, हर जगह बलात्कार है। मणिपुर में यही स्थिति है और प्रधानमंत्री ने संसद में 2 घंटे, 13 मिनट तक बात की, लेकिन उन्होंने मणिपुर पर सिर्फ 2 घंटे बात की। वह हंसे, मजाक किया। उनका मंत्रिमंडल हंसा, मजाक किया।'
प्रधानमंत्री मोदी से राहुल ने पूछे ये तीखे सवाल
राहुल ने पीएम मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि 'आप (प्रधानमंत्री) भारत माता की हत्या के बारे में बात करने में दो मिनट बिताते हैं। आपकी ऐसा करने की हिम्मत कैसे हुई? आप भारत के विचार का अनादर कैसे कर सकते हैं? आप वहां क्यों नहीं गए? आपने हिंसा को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की? क्योंकि आप राष्ट्रवादी नहीं हैं। जो कोई भी भारत के विचार की हत्या करता है वह राष्ट्रवादी नहीं हो सकता।'
संसदीय क्षेत्र वायनाड पर क्या बोले राहुल गांधी?
कांग्रेस सांसद ने कहा कि 'भाजपा और आरएसएस नहीं समझते कि परिवार क्या होता है। वे यह नहीं समझते कि जितना अधिक वे आपको और मुझे अलग करने की कोशिश करेंगे, हम उतने ही करीब आएंगे। वे सोचते हैं कि अगर हम राहुल गांधी को अयोग्य घोषित करते हैं, वायनाड के साथ उनका रिश्ता टूट जाएगा। अगर आप राहुल गांधी को अयोग्य घोषित करते हैं, तो वायनाड के साथ उनका रिश्ता और भी मजबूत हो जाएगा।'
भाजपा पर राहुल गांधी ने लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने आगे ये दावा किया कि 'भाजपा का लक्ष्य परिवारों को नष्ट करना है। भारत एक परिवार है, वे इसे विभाजित करना चाहते हैं। मणिपुर एक परिवार था, उन्होंने इसे नष्ट करने की कोशिश की। वे लोगों के बीच संबंधों को नष्ट कर देते हैं। हम बनाते हैं, लोगों को एक साथ लाते हैं। हम परिवारों को मजबूत करते हैं। भाजपा सोचती है कि उन्होंने मणिपुर को विभाजित और नष्ट कर दिया है। हम मणिपुर को वापस एक साथ लाएंगे। हम मणिपुर में प्यार वापस लाएंगे। आपको मणिपुर को जलाने में दो महीने लग गए। हमें इसे वापस बनाने में पांच साल लग सकते हैं, हम मणिपुर का प्यार वापस लाएंगे। यह भाजपा और कांग्रेस के बीच की लड़ाई है।'
