देश

महू छावनी की घटना पर राहुल गांधी ने BJP सरकार को घेरा, पिकनिक मनाने आए सैन्य अधिकारियों से हुई लूट, महिला मित्र से गैंगरेप

Mhow Cantonment case: रिपोर्ट के मुताबिक ये चार लोग जब इस इलाके में पहुंचे तो पिस्टल, चाकू और डंडों के साथ छह लोगों ने इनकी कार को घेर लिया। शिकायत के मुताबिक इन छह लोगों ने सेना के दोनों अधिकारियों एवं उनकी महिला मित्रों पर हमला किया। यही नहीं बदमाशों ने उनके वैलेट और कीमती वस्तुएं अपने साथ ले गए।

Image

महू घटना पर हमलावर हुए राहुल गांधी।

KEY HIGHLIGHTS
  • मंगलवार देर रात की है घटना, महिला मित्रों के साथ पिकनिक मनाने आए थे सेना के अधिकारी
  • छह बदमाशों ने इनकी कार को घेर लिया, इन पर हमला किया और किमती सामान लूट लिया
  • बदमाशों ने 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी, उनकी एक महिला मित्र के साथ गैंगरेप किया

Mhow Cantonment case: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू छावनी इलाके में सेना के दो ट्रेनी अधिकारियों के साथ मारपीट और उनकी महिला मित्रों में से एक के साथ कथित रूप से गैंगरेप की घटना पर कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राज्य की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता ने गुरुवार को कहा कि यह घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है। कानून-व्यवस्था पर भाजपा सरकार को घेरते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था अस्तित्वहीन हो गई है। उन्होंने पूछा कि देश की आधी आबादी की रक्षा की जिम्मेदारी से कब तक आंख चुराएंगे।

एक महिला मित्र के साथ सामूहिक दुष्कर्म

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में मंगलवार देर रात सनसनीखेज घटना हुई। यहां पिकनिक मनाने आए सेना के दो अधिकारियों के साथ दंबगों ने मारपीट की और उनकी दो महिलामित्रों में से एक के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक मेजर रैंक के दो अधिकारी जिनका महू छावनी स्थित आर्मी वार कॉलेज में प्रशिक्षण चल रहा था, अपने दो महिला मित्रों के साथ पिकनिक मनाने के लिए जाम गेट इलाके में आए थे।

10 लाख रुपए की फिरौती मांगी

रिपोर्ट के मुताबिक ये चार लोग जब इस इलाके में पहुंचे तो पिस्टल, चाकू और डंडों के साथ छह लोगों ने इनकी कार को घेर लिया। शिकायत के मुताबिक इन छह लोगों ने सेना के दोनों अधिकारियों एवं उनकी महिला मित्रों पर हमला किया। यही नहीं बदमाशों ने उनके वैलेट और कीमती वस्तुएं अपने साथ ले गए। रिपोर्ट के अनुसार बदमाशों ने एक अधिकारी और एक महिला को बंधक बना लिया और दूसरे अधिकारी एवं उसकी महिला मित्र को 10 लाख रुपए लाने के लिए कहा। दबंगों ने कहा कि रकम मिलने के बाद ही वे दोनों को छोड़ेंगे। घटनास्थल से निकलने के बाद अधिकारी ने अपने कमांडिंग ऑफिसर को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया

पुलिस जब वारदात वाली जगह पहुंची तब तक हमलावर वहां से भाग गए थे। इसके बाद सभी पीड़ित चार लोगों को महू के सिविल अस्पताल लाया गया जहां उनका मेडिकल हुआ। डॉक्टरों का कहना है कि अधिकारियों के शरीर पर चोट के निशान मिले। मेडिकल रिपोर्ट में एक महिला के साथ गैंगरेप की भी पुष्टि हुई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत लूट, डकैती, रेप और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

फरार बदमाशों की तलाश जारी

इंदौर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हितिका वासल ने संवाददाताओं से कहा, ‘लूट, डकैती, बलात्कार और शस्त्र अधिनियम से संबंधित (बीएनएस) धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’वासल ने कहा कि चार पुलिस थानों के कर्मियों ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article