देश

राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को भेजा जवाब, उठाए कई सवाल, रेप पीड़िता की नहीं दी जानकारी; मांगा समय

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 19, 2023, 07:20 PM IST

रविवार को दिल्ली पुलिस की एक टीम कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के घर पर नोटिस देने के लिए पहुंची थी। जिसे लेकर काफी हंगामा मचा और कांग्रेस ने इस मामले को लेकर सीधे मोदी सरकार पर हमला बोल दिया। बाद में भाजपा की ओर से भी इस पर पलटवार किया।

Image

राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को भेजा जवाब

Photo : PTI

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को अपना जवाब भेज दिया है। दरअसल राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बयान दिया था कि कुछ महिलाएं उनसे मिलने आईं थी, जिनमें से कुछ ने दावा किया था कि उनके साथ बलात्कार हुआ है। तब राहुल गांधी ने उन्हें पुलिस के पास जाने के लिए कहा था, लेकिन महिलाओं ने मना कर दिया था, इस बयान के कई दिनों बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजकर पीड़िताओं के बारे में जानकारी मांगी थी।

आज क्या हुआ

बाद में रविवार को दिल्ली पुलिस के एक टीम नोटिस देने उनके घर भी पहुंच गई, जिसे लेकर कांग्रेस बिफर पड़ी और मोदी सरकार पर हमलावर हो गई। अब राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को मेल के जरिए एक जवाब भेजा है, जिसमें उन्होंने समय की मांग की है।

उठाए सवाल

सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने जवाब में पुलिस द्वारा अपनाई गई पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाया है। उन्होंने इसे 'अभूतपूर्व' भी बताया और विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए दिल्ली पुलिस से कुछ और समय मांगा। ANI ने सूत्रों के वाले से कहा कि राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को प्रारंभिक जवाब देते हुए कहा है कि वह अगले 8-10 दिनों में विस्तृत जवाब देंगे। पुलिस को अपने जवाब में, उन्होंने कथित तौर पर पूछा कि क्या सत्ताधारी पार्टी के किसी अन्य नेता, जिसने इस तरह का अभियान (भारत जोड़ो यात्रा) चलाया था, से कभी ऐसे ही सवाल पूछे गए थे जैसा कि उनसे पूछा गया था। राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस को अपने प्रारंभिक जवाब में यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अडानी मामले सहित विभिन्न मुद्दों पर संसद और बाहर उनके द्वारा लिए गए रुख से पुलिस की इस कार्रवाई का कोई लेना-देना नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा

दिल्ली पुलिस ने भी पुष्टि की है कि राहुल गांधी की ओर से एक प्रारंभिक उत्तर प्राप्त हुआ है लेकिन उनके द्वारा कोई जानकारी साझा नहीं की गई है जो जांच को आगे बढ़ा सके।

कांग्रेस हमलावर

राहुल गांधी को भेजे गए नोटिस को लेकर कांग्रेस दिल्ली पुलिस और मोदी सरकार पर हमलावर दिख रही है। कांग्रेस ने ट्वीट करके कहा- "अडानी के साथ PM मोदी के रिश्ते पर राहुल गांधी के सवालों से बौखलाई सरकार पुलिस के पीछे छिप रही है। भारत जोड़ो यात्रा के 45 दिन बाद राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने नोटिस दिया है, जिसमें उन महिलाओं की जानकारी मांगी गई है जो उनसे मिलीं और खुद के उत्पीड़न के बारे में बात की।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article