देश

'मोदी जी, आप समझाएंगे या मैं समझाऊं', रूबियो के भारत दौरे पर राहुल गांधी का तंज, विदेश मंत्रालय को लेकर क्या बोल गए?

Marco Rubio India Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के भारत दौरे से पहले राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए। इससे पहले कांग्रेस ने रूबियो और एस. जयशंकर की संभावित मुंबई मुलाकात की जानकारी अमेरिकी राजदूत की ओर से दिए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा था।

Image

. रूबियो के मुंबई दौरे पर राहुल गांधी का PM मोदी से सवाल। PTI

Photo : PTI

Marco Rubio India Visit: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के आगामी भारत दौरे को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय के अधिकारी इस दौरे को लेकर असमंजस में हैं। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो इस मामले को खुद समझा सकते हैं, वरना वह ऐसा कर देंगे।

मुंबई और जामनगर जाएंगे मार्को रुबियो

बता दें कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी मीडिया नोट के अनुसार, मार्को रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक भारत और उज्बेकिस्तान की यात्रा करेंगे। भारत दौरे के दौरान वो मुंबई और जामनगर जाएंगे। इस दौरान वो कई वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

गुरुवार को अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो का यह दौरा कारोबार पर अधिक फोकस रहेगा। उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार, ऊर्जा सहयोग, तकनीनी साझेदारी और निवेश के अवसरों को इस यात्रा का प्रमुख हिस्सा बताया है। भारत आने से पहले रुबियो उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे, जहां वे पांच मध्य एशियाई देशों के साथ C5+1 मंत्रिस्तरीय बैठक में हिस्सा लेंगे।

मई के बाद यह उनका दूसरा भारत दौरा होगा मई में उन्होंने नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अध्यक्षता में आयोजित क्वाड (Quad) विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया था।

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता किसी नतीजे की ओर बढ़ रही है: जयशंकर

पिछले दिनों विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 'ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम' में कहा था कि भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता किसी नतीजे की ओर बढ़ रही है और वैश्विक व्यापार परिदृश्य में आ रहे बदलावों के बीच देशों को वाशिंगटन के साथ अपने संबंधों का पुनर्मूल्यांकन करने की आवश्यकता है। इससे पहले 5 अक्टूबर को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संकेत दिया था कि टैरिफ और बाजार पहुंच जैसे मुद्दों को लेकर व्यापार वार्ता फिलहाल ठहराव की स्थिति में है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article