Rahul Gandhi Launches Satyagraha: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में हो रहे अलग-अलग जन आंदोलनों को एकजुट करने के लिए एक नई पहल की है। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के ठीक अगले दिन शनिवार को उन्होंने 'सत्याग्रह' (Satyagraha) नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इसका मुख्य उद्देश्य देश के किसी भी कोने में अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों की आवाज को एक साथ लाना है।
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश की जनता से की ये खास अपील (फाइल फोटो)
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और अपने वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि आज देश भर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अलग-अलग स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जब कोई अकेला लड़ता है तो उसकी आवाज को दबाना आसान हो जाता है। इसी बिखरी हुई आवाजों को एक नक्शे पर लाने के लिए 'सत्याग्रह' पोर्टल शुरू किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'अन्याय सहना बंद करो', LSR छात्राओं के समर्थन में उतरीं प्रियंका गांधी, बोलीं- अपराधियों को जवाबदेह ठहराना जरूरी
राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि बापू ने सिखाया था कि सत्य हमारा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी भी अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, तो 'सत्याग्रह' वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भरें और आंदोलन को दर्ज कराएं। रायबरेली के सांसद ने वादा किया कि विपक्ष के नेता के तौर पर वे संसद से लेकर सड़क तक और पत्रों के माध्यम से हर उस जगह जनता के साथ खड़े होंगे जहाँ जरूरत होगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने इस पहल का समर्थन करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को पुलिस के दम पर दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। जयराम रमेश ने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म उन सभी आवाजों को एक मंच प्रदान करेगा जो इस सरकार के खिलाफ उठ रही हैं, क्योंकि एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।
