देश

राहुल गांधी ने की अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, बोले - छात्रों के मुद्दे पर संसद में हो बहस

राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने छात्रों पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई, संसद के दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने और शिक्षा व्यवस्था में सुधार करने की अपील की।

Image

राहुल गांधी (x|Rahul Gandhi)

नीट (NEET) पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दे पर राजधानी दिल्ली में सियासी पारा उफान पर है। मंगलवार को विपक्षी सांसदों की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में उन्होंने छात्रों के साथ हुए घटनाक्रम को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताया और सरकार से कई मांगें रखीं।

राहुल गांधी ने रखीं पांच प्रमुख मांगें

राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने छात्रों पर हमला करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, इस मुद्दे पर संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में चर्चा कराने, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की मांग की।

मंगलवार को पीएम आवास के बाहर हुआ था प्रदर्शन

मंगलवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी शामिल हुए थे। यह विरोध प्रदर्शन छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया था।

राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। बाद में सभी को अलग-अलग बसों से छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया, जहां कुछ घंटे बाद सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।

प्रदर्शन के दौरान चोट लगने का दावा

राहुल गांधी के सहयोगियों ने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें आंख के नीचे चोट लगी। विरोध के दौरान राहुल गांधी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते रहे, जबकि पुलिस उन्हें वहां से हटाने का प्रयास करती रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें घेरे रखा और कार्रवाई का विरोध किया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article