देश

अमेठी में होगा राहुल गांधी और स्मृति ईरानी का आमना-सामना! एक ही दिन मौजूद होंगे दोनों

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 18, 2024, 06:55 PM IST

Rahul Gandhi Vs Smriti Irani: जिस अमेठी में भाजपा की स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव 2019 में पटखनी दी थी, अब सोमवार यानी 19 फरवरी को एक ही दिन राहुल और स्मृति दोनों वहीं मौजूद होंगे। राहुल की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दोपहर करीब तीन बजे अमेठी में प्रवेश करेगी।

Image

राहुल गांधी और स्मृति ईरानी एक ही दिन अमेठी में होंगे मौजूद।

Photo : Times Now Digital

Amethi Politics: उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट आज से पांच साल पहले तक कांग्रेस के गढ़ के रूप में पहचानी जाती रही है, मगर 2019 के चुनाव में कांग्रेस के किले को भेदकर भाजपा ने जीत का परचम फहराया था। तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इस सीट पर हुए चुनाव में स्मृति ईरानी ने पटखनी दे दी थी। सोमवार को राहुल और स्मृति दोनों ही अमेठी में मौजूद रहेगें। इस बार राहुल के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहेंगी।

अमेठी में होगा राहुल-स्मृति का आमना-सामना

भारत जोड़ो यात्रा पर निकले अमेठी से पूर्व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 19 फरवरी को एक बार फिर अमेठी में एक साथ मौजूद होंगे। ईरानी 19 फरवरी से अमेठी के चार दिवसीय दौरे पर आ रही हैं और संयोग से उसी दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी अपनी यात्रा पर अमेठी पहुंच रहे हैं।

ईरानी अपने भाषणों में अमेठी से पूर्व सांसद राहुल गांधी और नेहरू गांधी परिवार की खुलकर आलोचना करती रही हैं। ईरानी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल को पराजित किया था। उसके बाद से अमेठी में वे दोनों सम्भवतः पहली बार एक साथ मौजूद होंगे।

चार दिन अमेठी में रहेंगी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि सांसद स्मृति ईरानी चार दिन अमेठी में रहेंगी। उनके मुताबिक इस दौरान गांवों में वह जन संवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगी तथा 22 फरवरी को अपने गृह प्रवेश कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी एवं पूजा-अर्चना करेंगी।

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी कल ही अमेठी पहुंच रही है। राहुल गांधी अमेठी में रोड शो और जनसभा करेंगे। हालांकि दोनों का आमना-सामना होने की संभावना बहुत कम है क्योंकि राहुल गांधी जहां अमेठी में रोड शो और जनसभा करेंगे, वहीं स्मृति ईरानी गांवों में जन संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

क्या अमेठी में होगी कांग्रेस की वापसी?

स्मृति ईरानी ने पिछली बार राहुल को अमेठी में करारी शिकस्त दी थी। हालांकि राहुल गांधी ने उस वक्त केरल के वायनाड सीट से चुनाव जीता था। अब माना जा रहा है कि वो एक बार फिर से अमेठी से ताल ठोकने के लिए तैयार हैं। इस बार वो जहा भी ढिलाई नहीं बरतने वाले हैं, तभी यहां वो अपनी बहन प्रियंका के साथ भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए हुंकार भरने जा रहे हैं।

कांग्रेस के हौसले को मिलेगी मजबूती

राहुल गांधी अगर अमेठी में लोकसभा चुनाव लड़ते हैं और वापस इस पर अपना कब्जा जमाते हैं तो निश्चित तौर पर कांग्रेस के मनोबल को मजबूती मिलेगी। जिस तरह मां सोनिया और बेटा राहुल रायबरेली-अमेठी में एकतरफा कब्जा जमा रखे थे, उसी तरह प्रियंका और राहुल की जोड़ी इन दोनों सीटों पर कब्जा जमाने के मूड में होंगे।

न्याय यात्रा में शामिल होंगी प्रियंका गांधी

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे अमेठी में प्रवेश करेगी। इस यात्रा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल होंगी। पार्टी ने ये जानकारी साझा की है। बताया गया है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राहुल गांधी का पहला स्वागत ककवा में होगा।

यात्रा प्रतापगढ़ जिले के रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र से अमेठी की सीमा में प्रवेश करेगी। राहुल गांधीनगर टोल प्लाजा के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे और फुरसतगंज के पास अकेलवा मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे और वहां से 20 फरवरी को सुबह 10:00 बजे रायबरेली के लिए प्रस्थान करेंगे। राहुल गांधी की यात्रा जब अमेठी में प्रवेश करेगी, उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी इसमें शामिल होंगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article