Delhi Protest: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दिल्ली में प्रदर्शन कर रही छात्राओं और महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वाली महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, कपड़े खींचने और निजी अंगों पर हमला करने जैसी घटनाएं शर्मनाक हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
राहुल गांधी ने छात्राओं और महिलाओं के साथ बातचीत का वीडियो जारी करते हुए कहा, ''यौन उत्पीड़न, कपड़े खींचना और निजी अंगों पर हमला- लोकतंत्र के लिए आवाज़ उठाने वाली छात्राओं और महिलाओं के साथ दिल्ली पुलिस की बर्बरता शर्मनाक हदें पार कर रही है।''
मोदी सरकार पर बरसे राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि यह सब आवाज़ों को दबाने की उस साजिश का हिस्सा है, जिसमें इतना डरा दो, इतना अपमानित करो कि कोई दोबारा सवाल उठाने की हिम्मत ही न करे। मोदी-शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उस दिन उनकी मनमानी की कहानी खत्म। उनका यही डर पुलिस तक पहुंचता है और हिंसा बनकर देश के युवाओं और महिलाओं पर टूट रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'सिस्टम को छात्र नहीं, अंधभक्त चाहिए', राहुल गांधी की पॉडकास्ट में एंट्री, RSS-BJP को बोला तीखा हमला
'हड्डियां तोड़ सकती है पुलिस, सत्याग्रह नहीं'
इससे पहले, राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने का हवाला देते हुए शुक्रवार को कहा था कि अमित शाह की दिल्ली पुलिस की बर्बरता को अनदेखा नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हर कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा था कि पुलिस हड्डियां तोड़ सकती है, सत्याग्रह नहीं। राहुल गांधी ने कहा था कि देश के युवा, विशेषकर युवतियां, निडर, दृढ़ और एकजुट हैं तथा लोकतंत्र के लिए खड़े हो रहे हैं। मैं उनके साथ खड़ा हूं।
CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
राष्ट्रीय राजधानी में इन दिनों सियासत गर्मायी हुई है। गांधी जयंती से लेकर अबतक प्रदर्शनकारी लगातार सड़कों पर उतरकर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। बीते दिनों आप सभी ने कनॉट प्लेस और मंडी हाउस में 'लहरा दो तिरंगा' मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने के वीडियो या तस्वीरें देखी होंगी।
