देश

रेप केस में फंसे विधायक ने पंजाब में बाढ़ को लेकर अपनी ही सरकार पर उठाए सवाल

पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के सनौर विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पार्टी के खिलाफ बगावती सुरों के लिए जाने जाते हैं। एक बार फिर उन्होंने पंजाब में बाढ़ को लेकर भगवंत मान सरकार को घेरने की कोशिश की है। रेप केस में फंसे विधायक ने प्रमुख सचिव (जल संसाधन) कृष्ण कुमार को हटाने की मांग की है।

Image

सनौर से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा (फोटो- HarmeetSinghPathanmajra)

पंजाब इन दिनों विनाशकारी बाढ़ से जूझ रहा है। सनौर से सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने इसको लेकर अपनी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने तंगरी नदी की सफाई और गाद निकालने जैसी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य सरकार को लोगों की बात सुननी चाहिए, वरना वे ‘हमें पीटेंगे।’ बता दें कि पठानमाजरा के पहले से भी अपनी पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अक्सर सुनने को मिलते रहे हैं।

प्रमुख सचिव कृष्ण कुमार को हटाएं - पठानमाजरा

पठानमाजरा ने अपनी ही पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व पर भी तीखा हमला बोला है। उनका आरोप है कि पंजाब के विधायकों पर दबाव डाला जाता है। विधायक ने कहा कि उन्होंने पंजाब विधानसभा में कई बार यह मुद्दा उठाया, प्रतिनिधिमंडल भेजे और प्रमुख सचिव (जल संसाधन) कृष्ण कुमार से कई बार व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, लेकिन ‘शिकायत पर कदम नहीं उठाया गया’। रविवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ आने पर पत्रकारों से बात करते हुए, पठानमाजरा ने नौकरशाहों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह तंगरी नदी की सफाई और नदियों के किनारों को मजबूत करने के लिए नदियों के पास की मिट्टी के इस्तेमाल की अनुमति की मांग करते रहे हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। विधायक ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कृष्ण कुमार को तुरंत उनके पद से हटाने की मांग की।

लोग हमे पीटेंगे- पठानमाजरा

माजरा ने पिछले साल की गेहूं की फसल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विभाग से खास तौर पर नहरों में पानी न छोड़ने का आग्रह किया था, क्योंकि फसलें पक चुकी थीं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘लेकिन कृष्ण कुमार ने इस अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया, जिससे भारी नुकसान हुआ।’

पठानमाजरा ने कहा, ‘यह रवैया किसानों के प्रति पूरी तरह से असंवेदनशीलता को दर्शाता है। 'मैं अपने लोगों के लिए बोलता हूं, भले ही इसके लिए मुझे कितनी भी बड़ी सजा क्यों न भुगतनी पड़े। लोगों ने हमें वोट दिया है, कृष्ण कुमार को नहीं। अगर हम लोगों की सुनेंगे तो हम पंजाब को बचा सकते हैं, वरना लोग हमें पीटेंगे।'

पठानमाजरा का विवादों से पुराना नाता

बता दें कि हरमीत सिंह पठान माजरा पर शादी का झांसा देकर एक लड़की से रेप का आरोप है। यही नहीं पठानमाजरा ने महिला को वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी थी। महिला की शिकायत पर विधायक के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी।

'भगवंत मान, पूरा पंजाब आपके साथ खड़ा है'

पठानमाजरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से कहा, ‘पूरा पंजाब आपके साथ खड़ा है। पंजाब के साथ एक आदमी की तरह खड़े रहिए, और हर विधायक आपका समर्थन करेगा। मैं 1992 से राजनीति में हूं। मैं अपने लोगों को छोड़ने के लिए यहां नहीं हूं।’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article