Gurmeet Ram Rahim: पंजाब की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव से पहले भगवंत मान सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मान सरकार ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ बेअदबी के तीन मामलों में मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी है। मान सरकार का ये फैसला 18 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट की ओर से पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट की ओर से लगाई गई रोक हटाने के बाद आया है।
बता दें, लंबे समय से सिख संगत डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम के खिलाफ केस चलाने की मांग कर रही थी, जिसके बाद मान सरकार ने 2015 के बेअदबी मामलों में उसके खिलाफ केस चलाने की अनुमति दे दी है। इससे राम रहीम के खिलाफ चल रही जांच में और भी तेजी आएगी। बात दे, 4 दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्टे हटा लिया था।
क्या है मामला?
गुरमीत राम रहीम के खिलाफ यह मामला बरगाड़ी में श्री गुरुग्रंथ साहिब जी की बेअदबी से संबंधित है। इसमें राम रहीम पर गंभीर आरोप लगे थे। इसी साल मार्च में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने इस मामले में तीन मुकदमों की जांच पर रोक लगा दी थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने कुछ दिन पहले ही हटा दिया था। पंजाब सरकार ने हाईकोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया।
