पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया है। पंजाब सीएम की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। जिसके बाद आज उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो दिनों से अस्वस्थ
मिली जानकारी के अनुसार मान पिछले दो दिनों से तबीयत खराब महसूस कर रहे थे। लगातार इलाज के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। मोहाली स्थित अस्पताल ने एक बयान में कहा कि अस्पताल आने पर मान (51) के महत्वपूर्ण अंगों की जांच की गई और उनकी हालत स्थिर है। अस्पताल द्वारा जारी बयान के मुताबिक, ‘‘पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को थकावट और हृदय गति कम होने की शिकायत के बाद मोहाली के फोर्टिस अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उनके शरीर के महत्वपूर्ण संकेतकों की जांच की गई और अब उनकी हालत स्थिर है।’’
डॉक्टरों की सलाह पर भर्ती
जिसके बाद आज चिकित्सकों ने उनकी हालत देखते हुए सलाह दी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाए, जिसके बाद शुक्रवार को उन्हें फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के मुताबिक, मान फिलहाल निगरानी में हैं और उनकी नाड़ी की गति में सुधार हुआ है। बयान में कहा गया, ‘‘हमारी मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।’’
मान हुए बीमार तो केजरीवाल ने संभाला मोर्चा
तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बृहस्पतिवार को मान के सरकारी आवास पर पहुंचे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। केजरीवाल बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए बुधवार शाम पंजाब पहुंचे थे और पहले उनका मुख्यमंत्री के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने का कार्यक्रम था। हालांकि, मान की अनुपस्थिति में केजरीवाल कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर रवाना हो गए।
