Punjab Cabinet Reshuffle: पंजाब कैबिनेट में सोमवार को फेरबदल हुआ और पांच नए विधायकों ने मंत्रीपद की शपथ ली। भगवंत मान सरकार के 4 मंत्रियों ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद आज नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण हुआ। राज्य में 30 माह से सत्तारूढ़ आप सरकार के मंत्रिमंडल में यह चौथा फेरबदल है।
कौन-कौन विधायक बनें मंत्री
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नये मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मान सहित आप के अन्य नेता भी मौजूद थे। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में हरदीप सिंह मुंडियां, बरिंदर कुमार गोयल, तरुणप्रीत सिंह सोंद, डॉ. रवजोत सिंह और मोहिंदर भगत शामिल हैं। ये सभी पहली बार के विधायक हैं और उन्होंने पंजाबी में शपथ ली। मंत्रिमंडल के नये सदस्यों में, तीन मालवा क्षेत्र से हैं और दो दोआबा से हैं।
नये मंत्रियों को विभागों का बंटवारा
- मुंडियां को राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन, जलापूर्ति और स्वच्छता, तथा आवास और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिये गए हैं।
- गोयल को खान एवं भूविज्ञान, जल संसाधन तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग दिए गए, जबकि सोंद को पर्यटन एवं संस्कृति मामले, निवेश संवर्द्धन, श्रम, आतिथ्य, उद्योग एवं वाणिज्य तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग दिए गए हैं।
- रवजोत सिंह को स्थानीय शासन और संसदीय मामलों का विभाग दिया गया, जबकि भगत को रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी विभाग दिया गया है।
- मान ने जेल, उद्योग एवं वाणिज्य तथा आवास एवं शहरी विकास विभाग छोड़ दिये हैं। जेल विभाग परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को दिया गया है, जबकि उनसे ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग ले लिया गया है।
- शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का प्रभार सौंपा गया है।
- हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, बलजीत कौर, कुलदीप सिंह धालीवाल, डॉ. बलबीर सिंह, लाल सिंह कटारूचक, हरभजन सिंह और गुरुमीत सिंह खुदियां के विभाग नहीं बदले गए हैं।
किस-किस ने दिया था इस्तीफा
इससे पहले चार मंत्रियों - चेतन सिंह जौरामाजरा (जनसंपर्क, रक्षा सेवाएं और बागवानी), अनमोल गगन मान (पर्यटन और निवेश संवर्द्धन), बलकार सिंह (स्थानीय शासन और संसदीय मामले) और ब्रह्म शंकर जिम्पा (राजस्व) को भगवंत मान मंत्रिमंडल से हटा दिया गया। वर्तमान में, मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 15 मंत्री हैं। मंत्रिमंडल में अधिकतम 18 मंत्री हो सकते हैं। पांच मंत्रियों के शामिल होने और चार को हटाये जाने के बाद मंत्रिमंडल में 16 मंत्री हो गए हैं।
