Punjab News: पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन विधायकों ने दावा किया कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के लिए पैसे देने की पेशकश की गई थी। आप विधायकों की ओर से यह दावा जालंधर से लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू और एक विधायक के बुधवार को भाजपा में शामिल होने के बाद किया गया है। आप विधायकों ने कहा कि उन्हें फोन पर पैसे देने की बात कही गई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान
आप ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब में फिर से ऑपरेशन लोटस शुरू कर दिया है और वह अरविंद केजरीवाल की पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें, जालंधर से आप सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर पश्चिम के विधायक शीतल अंगुराल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए।
20 से 25 करोड़ रुपये का आया ऑफर
जलालाबाद से आप विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने दावा किया कि उन्हें मंगलवार को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सेवक सिंह नामक व्यक्ति ने भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव के साथ फोन किया था। कंबोज ने कहा कि उन्होंने उनसे भाजपा में शामिल होने के लिए कहा और कहा कि हम 20-25 करोड़ रुपये दे देंगे। मैंने कहा कि मुझे इसकी जरूरत नहीं है। इसी तरह के दावे बल्लुआना से विधायक अमनदीप सिंह और लुधियाना दक्षिण विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने भी किए। लुधियाना दक्षिण से विधायक छीना ने भी दावा किया कि उन्हें सेवक सिंह नामक व्यक्ति का फोन आया था और यह कॉल एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई थी। बल्लुआना के विधायक अमनदीप सिंह ने कहा कि उन्हें मंगलवार को एक फोन आया था और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह दिल्ली से बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, उन्होंने मुझसे भाजपा में शामिल होने के लिए कहा और 45 करोड़ रुपये की पेशकश की।
आप से डरी हुई है भाजपा
कंबोज ने आरोप लगाया कि भाजपा केजरीवाल और आप से डरी हुई है। उन्होंने कहा, जहां वे लोगों का जनादेश पाने में विफल रहते हैं, वे किसी भी कीमत पर विधायकों, सांसदों और आप के अन्य नेताओं को खरीदने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल वह नेता हैं जिन्होंने राजनीति में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी और हमेशा काम की राजनीति की।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
