देश

पुणे के पब ने नए साल की पार्टी के लिए बांटे कंडोम, हुआ सियासी हंगामा, पुलिस तक पहुंचा मामला

इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मालिकों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने कहा कि कंडोम बांटना कोई अपराध नहीं है।

Image

पुणे में पब के कदम से विवाद

Pune Pub Sends condoms With Invitation: पुणे के एक पब में नए साल की पूर्वसंध्या पर आयोजित पार्टी के लिए आमंत्रित लोगों को कंडोम और ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) के पैकेट बांटने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। ये चीजें पार्टी में आने वाले मेहमानों को 31 दिसंबर को हाई स्पिरिट्स पब द्वारा आयोजित की जाने वाली पार्टी के निमंत्रण के साथ दी गईं। पब के इस कदम ने राजनीतिक दलों का पारा चढ़ा दिया है। महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस ने पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार से शिकायत दर्ज कराते हुए मामले का संज्ञान लेने की मांग की है।

महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस ने की शिकायत

महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस के सदस्य अक्षय जैन ने कहा, हम पब और नाइटलाइफ़ के खिलाफ नहीं हैं। हालांकि, युवाओं को आकर्षित करने की मार्केटिंग रणनीति पुणे शहर की परंपराओं के खिलाफ है। हम पब प्रबंधन के खिलाफ पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं। जैन ने कहा, इस तरह की कार्रवाइयों से युवाओं में गलत संदेश जाने, संभावित रूप से गलतफहमियां बढ़ने और समाज में अनुचित आदतों को बढ़ावा मिलने का खतरा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मालिकों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने कहा कि कंडोम बांटना कोई अपराध नहीं है। पब ने दावा किया कि इन चीजों को बांटने का उद्देश्य युवाओं में जागरूकता पैदा करना, सुरक्षा को बढ़ावा देना और जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करना था। मामले की आगे की जांच जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article