देश

ट्रेड डील को लेकर बरसे सचिन पायलट, बोले- भारत की संप्रभुता और किसानों के हितों का हुआ सौदा

India US Trade Deal: कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौता भारत की संप्रभुता, किसानों के हितों, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ समझौता करने वाला है।

Image

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

India US Trade Deal: कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते की गुरुवार को आलोचना की और आरोप लगाया कि यह (समझौता) भारत की संप्रभुता, किसानों के हितों, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ समझौता करने वाला है।

उन्होंने मुंबई में संवाददाताओं से कहा कि व्यापार समझौते समानता और पारस्परिक सार्वजनिक हित पर आधारित होने चाहिए और ये राष्ट्रीय हित या संप्रभुता की कीमत पर नहीं किए सकते।

मोदी सरकार पर बरसे सचिन पायलट

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''देश के हितों को गिरवी रखने वाला कोई भी व्यापार समझौता स्वीकार्य नहीं हो सकता। कोई भी समझौता जो किसानों की आजीविका पर हमला करता है, ऊर्जा सुरक्षा को कमजोर करता है या भारत की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता को कमजोर करता है, उसे लोगों द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा।''

पायलट ने दावा किया कि पहले भी गैर-कांग्रेसी सरकारें रही हैं, लेकिन कभी भी व्यापार समझौतों, द्विपक्षीय समझौतों, विश्व व्यापार संगठन के स्तर की वार्ता या मुक्त व्यापार समझौते में ''लक्ष्मण रेखा'' को इस तरह से पार नहीं किया गया कि देश के अन्नदाताओं और डेयरी किसानों को हाशिये पर डाल दिया जाए।

किसानों को हो सकता है भारी नुकसान

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका से प्रसंस्कृत मक्का, ज्वार और सोयाबीन तेल जैसे उत्पादों के शुल्क मुक्त आयात से महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के घरेलू उत्पादकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। पायलट ने यह चिंता भी जताई कि अमेरिका से कपास के आयात और बांग्लादेश से जुड़े कपड़ा व्यापार की स्थिति में बदलाव से भारत के किसानों और कपड़ा उद्योग को नुकसान हो सकता है।

रिजिजू पर बरसे पायलट

सचिन पायलट ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पर राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भी निशाना साधा और उनसे इसके लिए माफी मांगने को कहा। पायलट ने कहा, "जब आम पत्रकार सरकार की आलोचना करते हैं तो उन पर FIR और जेल होती है, लेकिन जब लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी) के खिलाफ धमकियां दी जाती हैं, तो चुप्पी साध ली जाती है। इससे सरकार की मंशा पता चलती है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article