देश

प्रियंका गांधी की सियासी पारी का आगाज, वायनाड में राहुल के साथ रोड शो के बाद दाखिल किया नामांकन

प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मंगलवार को वायनाड पहुंच गए थे। आज राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित कई नेता वायनाड पहुंच गए।

Image

वायनाड में प्रियंका-राहुल का रोड शो

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • वायनाड से प्रियंका गांधी वाड्रा की राजनीतिक पारी की शुरुआत होगी
  • प्रियंका वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए आज नामांकन पत्र दाखिल करेंगी
  • राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव में रायबरेली में जीत के बाद वायनाड सीट खाली की

Priyanka Gandhi nomination: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 13 नवंबर को होने वाले वायनाड लोकसभा उपचुनाव के लिए आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही वायनाड से अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत भी कर दी। वायनाड उपचुनाव इसलिए हो रहे हैं क्योंकि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में रायबरेली में जीत हासिल करने के बाद सीट खाली कर दी थी। प्रियंका गांधी ने यहां राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ रोड शो शुरू करने के बाद नामांकन भरा।

प्रियंका का रोड शो

रोड शो के दौरान प्रियंका के पति रॉबर्ट वाद्रा, कांग्रेस और आईयूएमएल के वरिष्ठ नेता खुले वाहन में उनके साथ थे। वाहन में उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से पार्टी के सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद थे। जैसे-जैसे रोड शो आगे बढ़ा, प्रियंका और राहुल ने भारी भीड़ की ओर हाथ हिलाया और एक छोटी बच्ची को गाड़ी में भी बिठाया। बच्ची कुछ देर उनके साथ रही। वाहन के आगे, साथ और पीछे चल रहे यूडीएफ कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने राहुल गांधी और प्रियंका के पक्ष में नारे लगाए। सुबह से प्रतीक्षा कर रहे यूडीएफ कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के आम लोगों ने प्रियंका और राहुल गांधी की तस्वीरों, पार्टी के रंगों वाले गुब्बारों से और ढोल बजाकर उनका स्वागत किया।

सोनिया के साथ वायनाड पहुंचीं प्रियंका

प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मंगलवार को मैसूरु हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से वायनाड गईं। मैसूरु में उनका स्वागत कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने किया। प्रियंका गांधी के नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले बुधवार सुबह कलपेट्टा में होने वाले रोड शो से पहले राहुल गांधी, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई अन्य पार्टी नेता भी वायनाड पहुंचेंगे। राहुल और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी वायनाड पहुंच चुके हैं।

प्रियंका भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महासचिव नव्या हरिदास और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के वरिष्ठ नेता सत्यन मोकेरी के खिलाफ मैदान में हैं। मोकेरी को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा गया है। इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी बहन उनके पूर्व निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने के लिए सबसे अच्छी शख्स होंगी।

राहुल ने कहा, प्रियंका सबसे बेहतर प्रतिनिधि होंगी

राहुल ने कहा, वायनाड के लोग मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखते हैं, और मैं उनके लिए अपनी बहन प्रियंका गांधी से बेहतर प्रतिनिधि की कल्पना नहीं कर सकता। मुझे विश्वास है कि वह वायनाड की जरूरतों के लिए संसद में एक शक्तिशाली आवाज होंगी। राहुल गांधी ने 2019 और 2024 तक वायनाड लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2019 में उन्होंने पहली बार इस सीट से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी, लेकिन उत्तर प्रदेश में कांग्रेस परिवार का गढ़ रही अमेठी संसदीय सीट हार गए।

पिछले हफ्ते, केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने उपचुनाव से पहले आधिकारिक तौर पर प्रियंका गांधी के लिए अपना अभियान शुरू किया था। स्थानीय कांग्रेस नेताओं के भी 26 और 27 अक्टूबर को घर-घर जाकर प्रचार करने की उम्मीद है। वायनाड विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article