देश

प्रधानमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था बर्बाद की, कीमत युवा पीढ़ी चुका रही है, NEET छात्रा की खुदकुशी पर राहुल का हल्लाबोल

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, आकांक्षा डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती थी। आकांक्षा के पिता किसान हैं। बेटी के डॉक्टर बनने के सपने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड पर तीन लाख रुपये का कर्ज़ लिया।

Image

राहुल का पीएम मोदी पर निशाना

Rahul Gandhi: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नागपुर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी करने वाली एक छात्रा की कथित आत्महत्या की घटना को लेकर गुरुवार को पीएम मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था की बर्बादी की कीमत पूरी एक युवा पीढ़ी चुका रही है। उन्होंने दावा किया कि छात्रा की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि मोदी जी की एक भ्रष्ट, टूटी हुई व्यवस्था की देन है।

राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, आकांक्षा डॉक्टर बनकर देश और समाज की सेवा करना चाहती थी। आकांक्षा के पिता किसान हैं। बेटी के डॉक्टर बनने के सपने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड पर तीन लाख रुपये का कर्ज़ लिया। नागपुर में खुद रसोइये की नौकरी कर ली, ताकि बेटी वहां कोचिंग कर सके। एक पिता जो कर सकता था, उसने सब किया। फिर नीट पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद्द हुई। उस अनिश्चितता में आकांक्षा हमें छोड़कर चली गई।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, और धर्मेंद्र प्रधान जी? आज भी कुर्सी पर हैं। फिर वही समिति। वही तबादला। वही जांच। न सुधार, न न्याय। राहुल गांधी ने कहा, मोदी जी, कुर्सी स्थायी नहीं होती, आती-जाती रहती है। लेकिन आपने 12 वर्षों में शिक्षा व्यवस्था को जिस हद तक बर्बाद किया है, उसकी कीमत भारत की एक पूरी युवा पीढ़ी चुका रही है।

भाजपा का राहुल गांधी पर निशाना

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस दावे पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पद पर नहीं रहेंगे। भाजपा ने राहुल पर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी कहा कि देश में अब तक केवल एक बार आपातकाल लगाया गया था और वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया था। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया था कि मोदी एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे क्योंकि चीजों को नियंत्रित करने का उनका जो सिस्टम था, वह ध्वस्त हो रहा है।

उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि मोदी सरकार जनता के दबाव को कुचलने के लिए आपातकाल जैसा कदम उठा सकती है। इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां कांग्रेस पार्टी के इतिहास और उसकी मानसिकता को दर्शाती हैं। पूनावाला ने एक वीडियो बयान में कहा, राहुल गांधी ऐसे परिवार से आते हैं, जिसका इतिहास आपातकाल से जुड़ा रहा है। इसलिए उन्हें लगता है कि हर कोई आपातकाल लगाने वाला है। भारत में संविधान को केवल एक बार कुचला गया था और वह इंदिरा गांधी ने किया था। उन्होंने जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया और उनमें हस्तक्षेप किया, वह सर्वविदित है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वास्तविक आपातकाल कांग्रेस पार्टी के भीतर है। उन्होंने कहा, लोकतंत्र के ऊपर वंशवाद को रखने वाले राहुल आज भी हर जगह आपातकाल देखते हैं। एक तरह का आपातकाल जरूर है, लेकिन वह कांग्रेस के भीतर है। कांग्रेस के अंदर संस्थागत पतन और विद्रोह चल रहा है। यदि कोई व्यवस्था टूट रही है, तो वह कांग्रेस पार्टी की व्यवस्था है। पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं और पार्टी वंशवादी राजनीति के खिलाफ विद्रोह का सामना कर रही है। उन्होंने कहा, 99 चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की संस्था स्वयं वंशवादी राजनीति के खिलाफ विद्रोह कर रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता एक के बाद एक पार्टी छोड़ रहे हैं। वे आपके खिलाफ विद्रोह कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर भारत की संस्थाओं के खिलाफ बार-बार टिप्पणी करने और विदेशों में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, लेकिन आप विपक्ष के नेता (एलओपी) नहीं, बल्कि लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा हैं। झूठ फैलाना, डर पैदा करना और उससे फायदा उठाना- यही आपका मॉडल है।

उन्होंने कहा, आप विदेशों में भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बोलते हैं। यदि किसी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने का अभियान चलाया है, तो वह आप हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी अर्थव्यवस्था, कोविड टीकों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भ्रामक बयान देते रहे हैं।

उन्होंने कहा, आप बार-बार कहते रहे हैं कि अर्थव्यवस्था ढह चुकी है, जबकि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। आपने भारत में बने कोविड टीकों के खिलाफ दुष्प्रचार किया ताकि विदेशी टीके बिक सकें। उन्होंने कहा, आप ऑपरेशन सिंदूर और गलवान में भारत की कार्रवाई के खिलाफ बोलकर भारतीय सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर करते हैं। यहां तक कि उच्चतम न्यायालय भी आपको फटकार लगा चुका है। पूनावाला ने कांग्रेस नेता से डर पैदा कर फायदा उठाने की राजनीति बंद करने को कहा। उन्होंने कहा, भारत को बदनाम करने का यह एजेंडा बंद कीजिए। डर पैदा कर फायदा उठाने की राजनीति बंद कीजिए। और याद रखिए कि एलओपी का अर्थ लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा नहीं होता।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article