देश

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की, जानिए किन-किन विषयों पर हुई चर्चा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर आध्यात्मिक चर्चा की। मथुरा स्थित उनके आश्रम में राष्ट्रपति ने प्रवचन सुने और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इससे पहले राष्ट्रपति अयोध्या में दर्शन-पूजन कर मथुरा पहुंची थीं। तीन दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

Image

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संत प्रेमानंद से मुलाकात कर उनसे आध्यात्मिक चर्चा की।

President Droupadi Murmu Meets Sant Premanand Maharaj: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के अपने दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह संत प्रेमानंद से मुलाकात कर उनसे आध्यात्मिक चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रपति 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। बृहस्पतिवार को अयोध्या में दर्शन-पूजन के बाद वह मथुरा पहुंचीं, जहां उन्होंने मंदिरों में पूजा-अर्चना की और कई अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया।

राष्ट्रपति ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की दी बधाई

शुक्रवार सुबह उन्होंने आध्यात्मिक कार्यक्रमों से दिन की शुरुआत की। राष्ट्रपति राधा केली कुंज स्थित संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने संत के प्रवचन सुने। यह सप्ताह इसलिए भी विशेष है क्योंकि बृहस्पतिवार को संत प्रेमानंद जी महाराज का जन्मदिन था।

आश्रम में राष्ट्रपति ने संत से आध्यात्मिक चर्चा की और उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया। संत प्रेमानंद ने प्रसन्न मुद्रा में ’राधे-राधे’ कहकर उनका अभिवादन स्वीकार किया। मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज को जन्मदिन की बधाई भी दी।

अध्यात्म, सेवा और जनकल्याण जैसे अहम विषयों पर हुई चर्चा

आश्रम पहुंचने पर संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों और सहयोगियों ने द्रौपदी मुर्मू का पारंपरिक और भव्य तरीके से स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच एकांत में बातचीत हुई, जिसमें अध्यात्म, सेवा और जनकल्याण जैसे अहम विषयों पर चर्चा की गई। राष्ट्रपति ने महाराज के सादगीपूर्ण जीवन और उनके आध्यात्मिक विचारों के प्रति गहरी आस्था जताई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई इस मुलाकात के दौरान आश्रम का माहौल पूरी तरह भक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

संत प्रेमानंद से जुड़ी बातें

मथुरा के वृंदावन में रहने वाले संत प्रेमानंद महाराज आज के समय के चर्चित आध्यात्मिक संतों में से एक हैं। अपनी सरल भाषा, गहरी भक्ति और सहज प्रवचनों के जरिए उन्होंने देशभर में लाखों लोगों को प्रभावित किया है। संत प्रेमानंद महाराज खास तौर पर राधा-कृष्ण भक्ति और ‘राधे-राधे’ नाम जप के प्रचार के लिए जाने जाते हैं। उनके आश्रम में हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जहां वे आध्यात्मिक ज्ञान, सेवा और जीवन मूल्यों पर प्रवचन देते हैं।

डिजिटल दौर में भी उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से उनके प्रवचन देश-विदेश तक पहुंच रहे हैं, जिससे युवा वर्ग भी बड़ी संख्या में उनसे जुड़ रहा है। संत का जीवन बेहद सादा और अनुशासित माना जाता है। वे भौतिक सुख-सुविधाओं से दूर रहकर भक्ति, साधना और समाज सेवा को ही जीवन का मूल उद्देश्य बताते हैं। उनके अनुयायी उन्हें प्रेम, करुणा और आध्यात्मिक मार्गदर्शन का प्रतीक मानते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article