देश

'राहुल गांधी ने सांसद को धक्का मारा, मुझे चोट लगी', BJP MP सारंगी का आरोप, कांग्रेस सांसद ने दी सफाई

Rahul Gandhi : संसद में पक्ष-विपक्ष की लड़ाई धक्का-मुक्की तक पहुंच गई है। भाजपा सांसद प्रताप सारंगी ने गुरुवार को सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का मारा जिसकी वजह से उन्हें चोट लगी।

Image

संसद में राहुल गांधी पर आरोप।

Rahul Gandhi : संसद में पक्ष-विपक्ष की लड़ाई धक्का-मुक्की तक पहुंच गई है। भाजपा सांसद प्रताप सारंगी ने गुरुवार को सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का मारा जिसकी वजह से उन्हें चोट लगी। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है जिसमें प्रताप सारंगी को सुरक्षा कर्मी व्हील चेयर पर बिठाकर बाहर निकाल रहे हैं। इस दौरान सारंगी कहते हैं कि 'राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का मारा। वह सांसद उनके ऊपर गिर फिर वह भी नीचे गिर पड़े। मैं सीढ़ियों के पास खड़ा था, तभी राहुल गांधी आए और एक सांसद को धक्का मारा। इसके बाद वह सांसद मुझ पर गिर पड़ा।' वीडियो में सारंगी के सिर में चोट नजर आया है। वहीं, सारंगी को चोट लगने पर राहुल गांधी ने कहा कि 'भाजपा के सांसदों ने उन्हें रोका था। उन्हें संसद के भीतर जाने से रोका जा रहा था। भाजपा के सांसद उन्हें धकेल और धमका रहे थे।'

सांसद को धक्का मारने पर भाजपा प्रवक्ता एवं एमपी संबित पात्रा ने राहुल गांधी की आलोचना की। पात्रा ने कहा कि 'राहुल गांधी का अहंकार और गुंडागर्दी चरम पर है। एक वरिष्ठ सांसद के साथ राहुल गांधी का यह व्यवहार अत्यंत निंदनीय है।

राहुल गांधी ने अपनी सफाई में क्या कहा

वहीं, राहुल गांधी ने मीडिया से कहा, 'इस घटना का वीडियो शायद आपके कैमरे में होगा। मैं गेट से अंदर संसद में जाने की कोशिश कर रहा था। भाजपा के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने मुझे धक्का दिया और धमकाया। इसके बाद यह घटना हुई। हां, धक्का-मुक्की की घटना हुई है। मल्लिकार्जुन खरगे को धक्का दिया जा रहा था लेकिन हम इससे परेशान नहीं हुए। भाजपा के सांसद हमें अंदर जाने से रोक रहे थे। मुख्य बात यह है कि ये संविधान पर हमला कर रहे हैं और अंबेडकर जी का अपमान कर रहे हैं।'

नेहरू-गांधी परिवार ने अंबेडकर का हमेशा अपमान किया

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 'नेहरू-गांधी परिवार ने अंबेडकर का हमेशा अपमान किया। अंबेडकर चुनाव हार जाएं और राजनीति को अलविदा कह दें, इसके लिए नेहरू ने खुद साजिश की। कांग्रेस की तीन पीढ़ियों ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया। गांधी परिवार उन्हें प्रताड़ित और नजरंदाज करता रहा। संसद के शीतकालीन सत्र में जब उनके चेहरे से नकाब उतर गया है तो वे बाबा साहेब की तस्वीर हाथ में लेने पर बाध्य हुए हैं।'

अंबेडकर के अपमान मामले में आमने-सामने भाजपा और कांग्रेस

बताया जा रहा है कि भाजपा सांसद दिनेश शर्मा जब बाइट दे रहे थे तभी राहुल गांधी फ्रेम में आ गए। दिनेश शर्मा ने उसी समय कहा ये संविधान के भक्षक लोग हैं और राहुल गांधी इस्तीफा दो का नारा लगाया। बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर के कथित अपमान के मामले में भाजपा और इंडिया अलायंस के दल गुरुवार को संसद परिसर में आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी तकरार देखने को मिली। कांग्रेस सहित इंडिया ब्लॉक के दल गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा और उनसे माफी की मागं कर रहे हैं। वहीं, भाजपा सांसदों का कहना है कि कांग्रेस ने अंबेडकर का अपमान किया है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article